
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) द्वारा जिला प्रशासन, फरीदाबाद के सहयोग से FAMEX (फेमिलियराइजेशन एक्सरसाइज) कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 15, दिसंबर से 27 दिसंबर 2025 तक फरीदाबाद जिले के विभिन्न MAH/PSU तथा अन्य प्रमुख संस्थानों में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह FAMEX कार्यक्रम इंस्पेक्टर यशवीर के नेतृत्व में पंजाब के भटिंडा से एनडीआरएफ की 7वीं बटालियन द्वारा संचालित किया जा रहा है, जिसमें 25 सदस्यीय प्रशिक्षित NDRF टीम भाग ले रही है।
इस FAMEX कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के चिन्हित MAH/PSU, विश्वविद्यालय, कॉलेज, आईटीआई तथा अन्य संस्थानों में डेमोंस्ट्रेशन एवं फेमिलियराइजेशन एक्सरसाइज आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम की शुरुआत 15 दिसंबर 2025 को BPCL से शुरू हो चुकी है। दिनांक:- 18 दिसंबर 2025 को NTPC, तथा 19 दिसंबर 2025 को IOCL में फेमिलियराइजेशन एक्सरसाइज सुबह 11:30 बजे से आयोजित की जाएगी। इसी क्रम में 22 दिसंबर 2025 को ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज, फरीदाबाद, 23 दिसंबर 2025 को महिला पॉलिटेक्निक, सेक्टर-8, 24 दिसंबर 2025 को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सराय, तथा 26 दिसंबर 2025 को आईटीआई, ओल्ड फरीदाबाद में यह अभ्यास संपन्न होगा।
अभ्यास के दौरान NDRF टीम द्वारा आपात स्थिति में प्रारंभिक प्रतिक्रिया (Initial Response) के उपरांत की जाने वाली विशेषज्ञ प्रतिक्रिया प्रक्रिया, क्रम, तंत्र एवं ड्रिल का व्यावहारिक प्रदर्शन किया जाएगा। इसका उद्देश्य आपदा की स्थिति में विभिन्न संस्थानों की तत्परता, समन्वय एवं प्रतिक्रिया क्षमता को मजबूत करना है।
