
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / उपायुक्त (डीसी) विक्रम सिंह ने बताया कि एचएसवीपी कन्वेशन सेंटर में तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव–2025 का शुभारंभ 29 नवंबर (शनिवार) सुबह 11 बजे पूर्व मंत्री और बल्लभगढ़ विधायक मूलचंद शर्मा द्वारा किया जाएगा। जिला प्रशासन एवं सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम भारतीय संस्कृति, अध्यात्म, कला व लोक परंपराओं का अद्भुत सम्मिलन प्रस्तुत करेगा। तीन दिन तक शहर का सांस्कृतिक वातावरण गीता महिमा और लोक रंगों से सराबोर रहेगा।
महोत्सव के नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त सतबीर मान ने बताया कि मुख्यातिथि सबसे पहले प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद सभागार में श्री गणेश वंदना के साथ विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा। प्रदर्शनी में इस्कॉन, जियो गीता, ब्रह्माकुमारी, विश्व हिन्दू परिषद, गोपाल गौशाला, गीता, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, सिख समाज गुरुद्वारा संघ, श्री जगन्नाथ मंदिर, सेक्टर-15ए, पतंजलि योग संस्थान फरीदाबाद एवं सनातन धर्म संस्था, ग्रामीण आजीविका मिशन, आयुष विभाग, स्वास्थ्य विभाग, रेडक्रॉस सोसायटी, एलडीएम ऑफिस, बागवानी विभाग तथा ब्रह्माकुमारी संस्थान सहित विभिन्न विभागों और संस्थाओं द्वारा आकर्षक स्टॉल लगाए जाएंगे।
डीआईपीआरओ मूर्ति दलाल ने बताया कि प्रतिदिन गीता श्लोकों के उच्चारण के साथ हवन तथा उसके पश्चात सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। 30 नवंबर को भगवत कथा और यज्ञ तथा का आयोजन किया जाएगा जिसमें नगर निगम मेयर प्रवीण जोशी शिरकत करेंगी। 01 दिसंबर (सोमवार) को सुबह गीता श्लोकों के उच्चारण के साथ हवन का आयोजन किया जाएगा। जिसमें एनआईटी विधायक सतीश फागना बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। इसके पश्चात दोपहर बाद सेक्टर-17 से शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए एचएसवीपी कन्वेंशन सेंटर तक ढोल–नगाड़े, बैंड बाजे और लोक कलाकारों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभा यात्रा को हरियाणा सरकार में राजस्व और आपदा प्रबंधन, शहरी स्थानीय निकाय, और नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल रवाना करेंगे। इसी दिन पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित होगा एवं शाम 5 बजे दीपोत्सव तथा आरती-वंदना के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन होगा, जिसमें हरियाणा सरकार में नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले मंत्री राजेश नागर बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। डीआईपीआरओ ने आमजन से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में जिला परिषद सभागार पहुंचकर इस आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महोत्सव का हिस्सा बनें और गीता महिमा का पावन लाभ प्राप्त करें।
