
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / एनआईटी एक स्थित ई-ब्लॉक मे सोमवार-मंगलवार दरम्यानी रात छेड़छाड़ की रंजिश मे हुए झगड़े मे एक युवक की पत्थरों से और चाकू गोडकर हत्या कर दी गई | उसकी पहचान 27 वर्षीय हिमांशु भाटिया के रूप मेरे हुई है | कोतवाली थाना की पुलिस मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है | पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है|
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वारदात सोमवार देर रात करीब 2:30 बजे घटित हुई | मृतक के पिता रवि भाटिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने परिवार के साथ एनआईटी के नंबर एक स्थित-1 ई ब्लॉक में रहते हैं। उनके परिवार में 27 साल का बेटा हिमांशु भाटिया व एक बेटी है। पिता-पुत्र एक नंबर मार्केट में ट्रेडिंग का काम करते हैं। रात को करीब 9 बजे पिता-पुत्र दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। तभी हिमांशु भाटिया अपने दोस्त कुणाल की बुलेट बाइक पर बैठकर अपने दोस्त इक्षित के पास जाने की कहकर चला गया। रात को करीब पौने 2 बजे उन्हें सूचना मिली कि भारत पंडित नामक युवक उसके बेटे हिमांशु भाटिया के साथ झगड़ा कर रहा है। जब वह वहां पर पहुंचे, तो हिमांशु खून से लथपथ पड़ा हुआ था। जिसने बताया कि उस पर भारत पंडित व उसके साथियों ने चाकू और पत्थरों से हमला किया है। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। वहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पीड़ित के अनुसार हिमांशु का दोस्त इक्षित ने बताया कि सोमवार रात हिमांशु भाटिया और कुणाल के साथ ढाबे पर वह खाना खा रहे थे। तभी उसने उन दोनों को बताया कि भारत पंडित उसकी बहन के साथ छेड़खानी करता है। इस पर वह स्विफ्ट गाड़ी लेकर भारत पंडित के घर की ओर चल दिया। उसने वहां पर भारत पंडित को अपनी गाड़ी में बुलाया। इसी बीच वहां पर बुलेट मोटरसाइकिल लेकर हिमांशु भाटिया भी पहुंच गया। आरोप है कि तभी भारत पंडित ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमला होने पर हिमांशु भाटिया लहू लुहान होकर वहीं पर गिर गया। इस पर आरोपी ने अपने अन्य दोस्तों को बुला लिया और उसकी गाड़ी और बुलेट मोटरसाइकिल पर पथराव कर उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया। उन्होंने उन्हें पकड़ने की भी कोशिश की, मगर आरोपी भागने में सफल रहे। कोतवाली थाना प्रभारी श्री भगवान ने बताया कि इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस और क्राइम ब्रांच की चार टीम में लगाई गई हैं। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
