
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / राजकीय महिला महाविद्यालय सेक्टर- 16 ए फरीदाबाद में मंगलवार को दो दिवसीय 31वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ । इस अवसर पर भारतीय जनजातीय मंत्रालय ट्राइफेड ( ट्राइबल फेडरेशन आफ इंडिया ) के पूर्व एमडी सुधीर गुलिया ने मुख्य अतिथि तथा अरबिंदो कॉलेज दिल्ली की पूर्व प्राचार्या डा. कुसुमलता व महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य डा. नरेंद्र कुुमार ने विशिष्ठ अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि खेलों में उत्कृष्टता के लिए निरंतर मेहनत जरूरी है । आप भले ही किसी भी खेल का चुनाव करें ,लेकिन प्रतिदिन स्वयं को बेहतर करने का प्रयास करें ।
प्राचार्य घनश्याम दास ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि खेल हमें शारीरिक व मानसिक रूप से मजबूत बनाते हैं । उन्होंने कहा कि जीवन में स्वास्थ्य से बढ़कर कुछ नहीं है, धन तो कभी भी कमाया जा सकता है, लेकिन एक बार स्वास्थ्य खराब होने के बाद उसे पुनः हासिल करना मुश्किल है । इसलिए हमेशा स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें । इस अवसर पर महाविद्यालय में प्रथम दिन आठ सौ मीटर, चार सौ मीटर, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ ।
विशिष्ठ अतिथि कुसुमलता ने कहा कि आज भारत की बेटियां खेलों से लेकर जंग के मैदान तक, हर क्षेत्र में विजय पताका फहरा रही है । इसलिए स्वयं की शक्ति को पहचाने तथा अपनी मंजिल की ओर अग्रसर हों । वहीं पूर्व प्राचार्य डा. नरेंद्र कुमार ने भी छात्राओं को किसी एक खेल का चुनाव कर अपने जीवन का हिस्सा बनाने की शपथ दिलवाई । खेल प्रतियोगिता के संयोजक बलवीर सिंह दहिया ने छात्राओं का मनोबल बढाया तथा खेलों में आगे बढ़ने के लिए हर संभव सहायता करने का आश्वासन दिया ।
परिणाम :—–
प्रतियोगिता का शुभारंभ आठ सौ मीटर रेस प्रतियोगिता के साथ हुआ, जिसमें बीएजेएमसी द्वितीय वर्ष की छात्रा दिव्या भारद्वाज ने प्रथम स्थान, बीए तृतीय वर्ष की छात्रा चंचल ने द्वितीय व बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा पूजा ने तृतीय स्थान हासिल किया । वहीं सौ मीटर फर्राटा रेस में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा भूमि शर्मा ने प्रथम, बीए तृतीय वर्ष की छात्रा निशा ने द्वितीय तथा बीबीए प्रथम वर्ष की छात्रा आस्था ने तृतीय स्थान हासिल किया । शॉटपुट में श्वेता ने प्रथम, चंचल ने द्वितीय तथा निकिता ने तृतीय स्थान हासिल किया । डिस्कस थ्रो में भी बीए द्वितीय वर्ष की श्वेता ने प्रथम, चंचल ने द्वितीय तथा अंजली ने तृतीय स्थान हासिल किया।
