
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / नई दिल्ली:— भगवद गीता के वैश्विक प्रेरणा संगठन जीओ गीता की ओर से यूथ गीता समिट 2025 का भव्य आयोजन बृहस्पतिवार 6 नवंबर 2025 को नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में किया जा रहा है। यह आयोजन युवाओं को भगवद गीता के अमर संदेश से जोड़ने और जीवन में आध्यात्मिकता व कर्म के संतुलन की प्रेरणा देने के उद्देश्य से किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री मनोहर लाल खट्टर, केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री तथा श्री अरुण कुमार जी, सह सरकार्यवाह, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) शामिल होंगे।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि सी. दास ग्रुप के चेयरमैन बीआर भाटिया ने बताया कि इस आयोजन का मार्गदर्शन एवं संरक्षण स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज के आशीर्वाद से होगा, जो गीता के विख्यात विद्वान और आध्यात्मिक गुरु हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं के भीतर गीता का ज्ञान जागृत करना राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने युवाओं को अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की है। उन्होंने बताया इस वर्ष सम्मेलन का विषय है यूथ एंड दा मैसेज ऑफ भगवद गीता है।
विशिष्ट अतिथियों में डॉ. मुकुल कानिटकर (राष्ट्रीय संगठन सचिव, भारतीय शिक्षण मंडल), सुधांशु त्रिवेदी (सांसद, राज्यसभा एवं भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता), राकेश सिन्हा (पूर्व सांसद एवं विचारक), सुहैब इलयासी (मीडिया अग्रणी एवं आध्यात्मिक नेता), डॉ. अमित भल्ला (उपाध्यक्ष, मानव रचना शैक्षणिक संस्थान), राजेश जैन (सीएमडी, एलपीएस बॉसार्ड) और श्री जवाहर लुथरा (सीएमडी, डिवाइन विजन इंफ्राटेक) शामिल होंगे। कार्यक्रम के पैनल मॉडरेटर होंगे डॉ. मार्कण्डेय आहूजा, संस्थापक कुलपति, गुरुग्राम विश्वविद्यालय एवं बाबा मस्तनाथ विश्वविद्यालय।
कार्यक्रम का पंजीकरण सुबह 9 बजे से प्रारंभ होगा तथा उद्घाटन सत्र 10 बजे शुरू होगा। कार्यक्रम के दौरान प्रेरणादायक व्याख्यान, संवाद सत्र तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी होंगी, जिनके माध्यम से युवाओं को गीता के आदर्शों से जोड़ने और जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संदेश दिया जाएगा।
