
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / पलवल :– हरियाणा सरकार के “नशा मुक्त प्रदेश” के संकल्प को साकार करने की दिशा में हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB) लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में, ब्यूरो की करनाल यूनिट ने पलवल जिले के थाना होडल क्षेत्र मे राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर बड़ी कार्यवाही करते हुए एक आईशर कैंटर से 380 किलो 402 ग्राम गांजा बरामद करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। बरामद की गई मात्रा NDPS अधिनियम के तहत व्यावसायिक श्रेणी की है।
ब्यूरो प्रमुख एंव पुलिस महानिदेशक ओपी. सिंह, IPS के कुशल दिशा-निर्देशन, पुलिस अधीक्षक मोहित हांडा, IPS के प्रभावी नेतृत्व तथा उप पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार के मार्गदर्शन में यह कार्यवाही निरिक्षक ऋषीपाल सिंह की टीम द्वारा पूरी की गई।
नशीले पदार्थों की रोकथाम हेतु गश्त के दौरान, सह उप निरीक्षक नरेंद्र कुमार के नेतृत्व वाली टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि एक गिरोह आईशर कैंटर में उड़ीसा से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ लेकर हरियाणा आ रहे है जोकि फिलहाल होडल थाना एरिया मे एक पेट्रोल पम्प के नजदीक कैंटर खड़ा किए हुए है और उनके कुछ साथी पुलिस की रेकी करने के लिए आगे गए हुए है। सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए ब्यूरो की टीम ने मुखबिर के बताए स्थान पर पहुँचकर पेट्रोल पम्प के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर पेड़ों मे खड़ा कैंटर को कब्जे में लेकर छहों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार किया गया। नियमानुसार राजपत्रित अधिकारी की उपस्थिति में तलाशी के दौरान 380 किलो 402 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार किए गए आरोपी:
1. प्रेम महतो, निवासी प्रेम नगर, हांसी, जिला हिसार — आरोपी के विरुद्ध NDPS अधिनियम के तहत पहले से तीन मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें वह वर्तमान में जमानत पर है।
2. उत्तम, निवासी वार्ड नंबर 1, हांसी, जिला हिसार
3. सुमन, निवासी गांव कुम्बा, जिला हिसार (वर्तमान में एम्प्लॉइज कॉलोनी, हांसी)
4. सुंदरा, निवासी मनाना रोड, समालखा, जिला पानीपत
5. माया, निवासी गांव कुम्बा, जिला हिसार
6. राम किशन, निवासी गांव बिशनपुरा, थाना सदर, जिला जींद
इस संबंध में थाना होडल, जिला पलवल में FIR संख्या 373 दिनांक 01.11.2025, धारा 20(B)(ii)(C), 25, 29 NDPS Act के तहत मामला दर्ज किया गया है। माननीय न्यायालय से पुलिस रिमांड हासिल कर पुलिस आरोपियों से आगे की पूछताछ कर उनके पूरे नेटवर्क की जाँच करेगी ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य तस्करों, सप्लाई चैन और फाइनेंशियल लिंक का भी खुलासा किया जा सके।
पुलिस प्रवक्ता ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई तभी सफल होगी जब जनता सहयोग करेगी। यदि कहीं पर भी नशे का व्यापार दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत टोल फ्री नंबर 1933, ऑनलाइन शिकायत पोर्टल NCBMANAS.GOV.IN और हरियाणा एनसीबी के टॉल फ्री न. 90508-91508 पर बेफिक्र होकर सूचना दें। सूचना देने वाले का नाम और पता पूर्णतः गुप्त रखा जाएगा।
