
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / सेक्टर-16 स्थित फरीदाबाद कालीबाड़ी मंदिर प्रांगण में 30, अक्तूबर- 2025 को माता जगधात्री पूजा का आयोजन किया जाएगा। यह पूजा कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष में मनाई जाने वाली प्रमुख धार्मिक पर्वों में से एक है, जो सूर्य उपासना पर्व छठ पूजा के बाद आता है।
जगधात्री शब्द का अर्थ है “संसार की वाहक” — अर्थात वह देवी जो पूरे जगत को धारण करती हैं। देवी जगधात्री, देवी दुर्गा का चतुर्भुजा रूप मानी जाती हैं। पौराणिक कथा के अनुसार, जब देवता अपनी शक्ति पर अभिमान करने लगे, तब माँ पार्वती ने उन्हें यह ज्ञान देने के लिए जगधात्री रूप में दर्शन दिए कि सम्पूर्ण सृष्टि की शक्ति देवी के ही अधीन है। देवी सिंह पर विराजमान हैं और उनके नीचे अहंकार रूपी हाथी है, जो ज्ञान और विनम्रता का प्रतीक है।
संस्था के महासचिव ए के पंडित ने बताया कि इस अवसर पर मंदिर प्रांगण में प्रसाद वितरण और लंगर का भी आयोजन किया जाएगा। समिति ने श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करें और इस पावन अवसर का लाभ उठाएं।
