
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / यमुना रक्षक दल के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष डॉ.आर एन सिंह ने राढ़ वंश के महाराजा बल्लाल सेन द्वारा वर्ष 1200 में निर्मित प्राचीन एवं ऐतिहासिक श्री राहरेश्वर शिव मंदिर में देव भूमि उत्तराखंड के डाक पत्थर से लाए गए पवित्र यमुना जल एवं हरिद्वार, हरि की पौड़ी से लाए गए पवित्र गंगा जल के सम्मिश्रण से देवाधिदेव महादेव बाबा श्री राहरेश्वर जी का भव्य रूद्राभिषेक किया तदोपरांत मंदिर के प्रतिनिधि को श्रीराधे-राधे के शाल से सम्मानित कर यमुना जी की अविरलता एवं निर्मलता पर चर्चा किए।
चर्चा के क्रम में डॉ.आर एन सिंह ने कहा कि प्रत्येक वर्ष भगवान श्री राधेकृष्ण एवं यमुना मईया के करोड़ो भक्त वृन्दावन धाम तथा मथुरा आते हैं। वे यमुना जी की दारूण स्थिति देखकर व्यथित होते हैं। जन जागृति के माध्यम से यमुना जी की अविरलता एवं निर्मलता का मार्ग प्रशस्त करने के लिए यमुना रक्षक दल देव भूमि उत्तराखंड के डाकपत्थर से लाए गए पवित्र यमुना जल एवं हरिद्वार, हरि की पौड़ी से लाए गए पवित्र गंगा जल के सम्मिश्रण से देश के प्रसिद्ध शिव मंदिरों में देवाधिदेव महादेव का भव्य जलाभिषेक कर पवित्र जल मंदिर समिति को भेंट कर रहा है। इसी क्रम में यमुना जी की अविरलता तथा निर्मलता से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा के माध्यम से जन जागृति लाने तथा समस्त प्राणीमात्र के कल्याणार्थ प्रयास किए जा रहे हैं।
