
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / फरीदाबाद इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आह्वाहन पर जिले में सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत सफाई अभियान का शुभारंभ किया है। एसोसिएशन के प्रधान राज भाटिया ने बताया कि संगठन ने मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा उपरांत इस मुहिम में अपना योगदान देने का निर्णय लिया।
श्री भाटिया ने कहा कि एसोसिएशन द्वारा इस मुहिम में जिले के सभी औद्योगिक क्षेत्रों की कायाकल्प करने की रूपरेखा तैयार की गई है ताकि सभी क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था एवं वहां के पार्कों को साफ किया जा सके। श्री भाटिया ने अनुसार हाल फिलहाल सेक्टर 6 से यह अभियान आरंभ किया गया है तदोपरांत सेक्टर 24,25,58,59 के लिए रोडमैप तैयार किया गया है जहां निरंतर यह कार्य जारी रखा जाएगा।
इस अवसर पर एसोसिएशन के ग्रीन एंड क्लीन पैनल के चेयरमैन बीआर भाटिया ने सेवा पखवाड़ा अभियान पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे सभी वर्गो हेतु लाभप्रद करार दिया। श्री भाटिया ने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री सैनी द्वारा सभी वर्गो को एकजुट करने और उन्हें समाज को संगठित करने का जो सराहनीय कार्य किया है उसके परिणाम सकारात्मक आने की आशा है।
श्री भाटिया ने कहा कि सेवा पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत एसोसिएशन द्वारा जिले के सभी औद्योगिक क्षेत्रों एवं वहां कार्यरत इकाइयों को साथ जोड़ने हेतु शीघ्र एक विशेष ड्राइव आरंभ की जाएगी जिसके अंतर्गत सभी छोटे बड़े सभी औद्योगिक संगठनों को एसोसिएशन के साथ जोड़ने के प्रयास जारी हैं ताकि सेवा पखवाड़ा अभियान को अधिक सफल बनाया जा सके।
आपने जिले के अन्य औद्योगिक संगठनों से अपील की है कि वह फरीदाबाद इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के साथ संयुक्त रूप से इस अभियान में अपना योगदान दे ताकि इस मुहिम अधिकाधिक सफल बनाया जा सके।
श्री भाटिया ने कहा कि सफाई एवं पर्यावरण अभियान के प्रति संगठन गंभीर है जिसके चलते प्रधान श्री भाटिया एवं उनकी टीम द्वारा समय समय पर विशेष ड्राइव चलाई जाती हैं जिसके चलते सकारात्मक बदलाव आने के संकेत प्राप्त हो रहे है और शीघ्र ही फरीदाबाद के आमजन में भी सफाई एवं पर्यावरण संरक्षण हेतु जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
ज्ञात हो कि फरीदाबाद इंडस्ट्रीज एसोसिएशन सदैव सरकार,प्रशासन एवं आमजन में अपने कार्यों के बल पर प्रदेश ही नहीं अपितु पूरे उतरी भारत में विशेष पहचान स्थापित की है।
