
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / अग्रवाल महाविद्यालय बल्लभगढ़ प्रांगण में
प्रधान देवेंद्र कुमार गुप्ता, महासचिव दिनेश कुमार गुप्ता और
प्राचार्य डॉ. संजीव गुप्ता के दिशा निर्देशन में संस्कृत विभाग एवं संस्कृत
साहित्य परिषद के संयुक्त तत्त्वधान में अतिथि व्याख्यान का आयोजन
‘ऋग्वैदिक आख्यान सूक्तों का अध्ययन: उनकी संरचना, विषयवस्तु और
सांस्कृतिक महत्व’ विषय पर किया गया। शहीद स्मारक राजकीय
स्नातकोत्तर महाविद्यालय तिगांव से सहायक प्रवक्ता डॉ. सत्यनारायण
को व्याख्यान हेतु आमंत्रित किया गया था ।
अतिथि महोदय ने विद्यार्थियों के समक्ष संस्कृत साहित्य के विभाजन क्रम पर चर्चा करते
हुए वैदिक – साहित्य पर प्रकाश डाला। वैदिक साहित्य के प्राचीनतम ग्रंथ
वेद,वेद विभाजन , ब्राह्मण,आरण्यक, उपनिषद और पुराण पर चर्चा करते
हुए, वैदिक आख्यान पर विस्तार से चर्चा की जिसमें मुख्य रहें –
विश्वामित्र-नदी, पुरुरवा-उर्वशी, यम-यमी, सरमा-पणि, शुन:शेप आख्यान
इत्यादि । वैदिक साहित्य की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों
के समक्ष ऐसे दृष्टांत प्रस्तुत किया कि विद्यार्थी वैदिक साहित्य से
ज्ञानवर्धन कर अपनी संस्कृति से जुड़े रहें । व्याख्यान के अंत में अतिथि
महोदय ने विद्यार्थियों के समक्ष संस्कृत में नौकरी के अवसर पर चर्चा
करते हुए संस्कृत पढ़ने और पढ़ाने का आग्रह किया । व्याख्यान के
उपरांत विद्यार्थियों ने प्रश्न के माध्यम से अपने जिज्ञासा अतिथि के
समक्ष रखी ।
अतिथि महोदय ने बड़ी प्रसन्नता और सहजता के साथ सभी
की जिज्ञासाओं को शांत किया । कार्यक्रम का आयोजन डॉ. पूजा सैनी की
देखरेख में किया गया। अंत में विभागीय अध्यक्षा ने सभी का धन्यवाद
किया। इस व्याख्यान में 53 विद्यार्थी लाभान्वित हुए ।
