
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / नई दिल्लीः– बाल रामलीला उत्सव समिति, द्वारका सेक्टर-13 द्वारा भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 75वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में एक विशेष भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन न केवल सम्मान और शुभकामनाओं का प्रतीक रहा, बल्कि देश के भविष्य बच्चों के माध्यम से एक प्रेरक संदेश देने वाला आयोजन भी सिद्ध हुआ।
कार्यक्रम में MRV मॉडल स्कूल, द्वारका के 75 विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री जी की वेशभूषा में मंच पर उपस्थिति दर्ज कराई। प्रत्येक छात्र के हाथों में प्रधानमंत्री जी के द्वारा किए गए प्रमुख कार्यों को दर्शाने वाले प्लैकार्ड्स थे, जिनके माध्यम से उन्होंने जन-कल्याणकारी नीतियों का प्रस्तुतीकरण किया। बच्चों ने मिलकर “हैप्पी बर्थडे मोदी जी” गीत का सामूहिक गायन किया और पूरे वातावरण को देशभक्ति एवं उत्साह से भर दिया।
प्रधानमंत्री जी को भेजा गया निमंत्रण: इस अवसर पर बच्चों ने सामूहिक रूप से प्रधानमंत्री श्री मोदी जी से अनुरोध किया कि वे आगामी बाल रामलीला कार्यक्रम में, जो अक्टूबर में आयोजित होगा, स्वयं उपस्थित होकर बच्चों का उत्साहवर्धन करें। यह आग्रह बाल रामलीला मैदान, सेक्टर 13, द्वारका में मंच से किया गया।
बाल रामलीला: हज़ारों बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुति का मंच बाल रामलीला उत्सव समिति, द्वारका द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित की जाने वाली रामलीला, न केवल धार्मिक आयोजन है, बल्कि यह दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र की एक अनूठी सांस्कृतिक परंपरा बन चुकी है, जिसमें 4,000 से 5,000 बच्चे विभिन्न विद्यालयों से भाग लेकर रामायण की शिक्षाओं को रंगमंच के माध्यम से जीवंत करते हैं।
इस वर्ष भी अनेक विद्यालयों के छात्रों ने रामलीला में भाग लेने के लिए अपना पंजीकरण करवा दिया है और यह क्रम लगातार जारी है। रामलीला के मंच पर अभिनय, नृत्य, संगीत, संवाद और वेशभूषा के माध्यम से बच्चे भारतीय संस्कृति के आदर्शों को प्रस्तुत करेंगे।देशभक्ति और नेतृत्व के आदर्शों से भरा आयोजन: यह आयोजन बच्चों के मन में देशभक्ति, सेवा, नेतृत्व और निष्ठा की भावना को सुदृढ़ करने वाला रहा। बच्चों ने प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के जीवन मूल्यों स्वच्छता, आत्मनिर्भरता, डिजिटल इंडिया, महिला सशक्तिकरण, और पर्यावरण संरक्षण को अपनी प्रस्तुति के माध्यम से जनमानस तक पहुँचाया।
