
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / अग्रवाल कॉलेज बल्लभगढ़ में पी जी के
नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत और उन्हें कॉलेज के परिवेश एवं गतिविधियों
से परिचित कराने के उद्देश्य से स्टूडेंट इंडक्शन एंड ओरियंटेशन कार्यक्रम
(SIOP) का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को
शैक्षणिक और प्रशासनिक गतिविधियों से अवगत कराते हुए कॉलेज में बनाए
गए अनेक प्रकार के क्लब और फोरम की जानकारियों के साथ-साथ विशेष
उपलब्धियों को भी सांझा करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अग्रवाल विद्या प्रचारिणी सभा के प्रधान एवं अग्रवाल कॉलेज अध्यक्ष (गर्वनिंग बॉडी) देवेंद्र कुमार गुप्ता, विशिष्ट अतिथि अग्रवाल कॉलेज महासचिव (गवर्निंग बॉडी) दिनेश कुमार गुप्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के आरंभ में दीप प्रज्ज्वलन की परम्परा को निभाते हुए विंग1 के इंचार्ज डॉ सचिन गर्ग ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों को कॉलेज द्वारा दी जा रही सुविधाओं, परीक्षा संबंधी नियमों,आंतरिक मूल्यांकन, कक्षा में उपस्थिति के नियम, स्मार्ट बोर्ड का सही उपयोग करने की जानकारी देते हुए
किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता के संबंध में आधुनिक कैमरो द्वारा जांच
और दंड के प्रावधान को गंभीरता से लेने को कहा।
अग्रवाल कॉलेज कार्यवाहक प्रिंसिपल डॉ संजीव कुमार गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि
हर विद्यार्थी को अपने भविष्य के प्रति समर्पित और जागरूक रहना चाहिए।
कॉलेज में समय समय पर प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित किए जाते है इसलिए
जरूरी है कि हर विद्यार्थी में आत्मविश्वास, भाषा का ज्ञान और विषय के प्रति
पूरी जानकारी हो। कैरियर को बनाने के लिए अभ्यास और अच्छी संगत बहुत
जरूरी है।
सम्मानित अतिथि ने उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों को
आश्वस्त किया कि उन्हें सभी प्रकार की सुख सुविधाएं और सुरक्षा दी जाएंगी।
कॉलेज के पुराने होनहार विद्यार्थियों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कड़ी लगन
और मेहनत को जीवन का उद्देश्य बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
विशिष्ट अतिथि ने अपने व्यक्तिगत अनुभवों और प्रेरणादायक कहानी के
माध्यम से विद्यार्थियों को कष्ट सहकर भी निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित
किया।भविष्य की योजनाओं को सांझा करते हुए उन्होंने ए आई से होने वाले
नुकसान के प्रति जागरूक करते हुए विद्यार्थियों को प्रतिभावान और कौशलपूर्ण
बनने को कहा।
प्रबंध विभाग की विभागाध्यक्षा डॉ शिल्पा गोयल ने अपने विभाग का परिचय
देते हुए राष्ट्रीय शिक्षा नीति ( NEP) के अंतर्गत नए पाठ्यक्रमों में हुए बदलावों
पर विस्तृत चर्चा की और विगत वर्ष हुए यूथ फेस्टिवल की उपलब्धियां को
बताते हुए सांस्कृतिक गतिविधियों में विद्यार्थियों को बढ़-चढ़कर भाग लेने के
लिए प्रोत्साहित भी किया। वाणिज्य विभागाध्यक्षा डॉ सीमा मलिक ने भी अपने
विभाग का परिचय देते हुए अनेक प्रकार के फोरा, क्लब्स और विकासात्मक
कार्यों के लिए बनाई गई कमेटियों की जानकारी भी दी। कंप्यूटर विभागाध्यक्षा
मोहिनी वर्मा ने विभाग का परिचय देते हुए आईसीटी के उपयोग की विस्तृत
जानकारी सांझा की।
गणित विभागाध्यक्षा नेहा गोयल ने गणित विभाग का
परिचय देते हुए विभाग के अंतर्गत मनाए जाने वाले विशेष दिवसों, गतिविधियों
और गणित के क्षेत्र में मिलने वाले अवसरों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों
को विषय के प्रति गंभीरता से रहने के निर्देश भी दिए। हिंदी विभागाध्यक्षा डॉ
रेनू महेश्वरी ने पीपीटी के माध्यम से अपने विभाग का परिचय एवं राष्ट्रीय
शिक्षा नीति के अनुसार हिंदी में बढ़ रहे अवसरो पर विस्तार से प्रकाश डाला।
अंग्रेजी विभागाध्यक्षा शैली मालिक ने अपने विभाग का परिचय देते हुए नई-
नई तकनीक द्वारा अच्छे शिक्षण की जानकारी दी।अर्थशास्त्र विभागाध्यक्षा
प्रियंका डागर ने अपने विभाग की महत्वपूर्ण उपलब्धियों को सांझा करते हुए
विद्यार्थियों को रोजगार संबंधी जानकारी भी दी।
मोहित हुड्डा द्वारा खेल क्षेत्र की गतिविधियों और अंतरराष्ट्रीय स्तर की
उपलब्धियों को बताते हुए योग क्लब के विषय में जानकारी दी गई। एन एस
एस यूनिट 3 की इंचार्ज रीतिका ने एनएसएस की विशेष गतिविधियों और
उपलब्धियों को विस्तारपूर्वक बताते हुए विद्यार्थियों को बढ़-चढ़कर भागीदारी
करने के लिए प्रोत्साहित किया। तत्पश्चात लाइब्रेरी संरचना, अनेक प्रकार के
इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों द्वारा पुस्तकों को कैसे पढ़ा जाए इस पर पुस्तकालय
विभाग की प्रमुख मिस रंजन सौरोत द्वारा इसकी जानकारी दी गई। प्रशासन
संबंधी जानकारी श्री महेंद्र भारद्वाज ने दी जिसमें उन्होंने दूर से आने वाले
विद्यार्थियों के लिए बस पास योजना, फीस की जानकारी और यूनिवर्सिटी के
महत्वपूर्ण कार्यों के बारे मे बताया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गान के साथ हुआ। उत्साह से भरपूर विद्यार्थियों
ने अपने कुछ अनुभव सांझा किए। धार्मिक और देशभक्ति से भरी अनेक
मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों ने पूरे कार्यक्रम को बांधे रखा। मंच संचालन एवं
धन्यवाद ज्ञापन प्रबंधन विभाग की सहायक प्रवक्ता सोनिया यादव और अंग्रेजी
विभाग की सहायक प्रवक्ता मानिनि द्वारा किया गया।
एम ए हिंदी, एम ए इंग्लिश,एम ए अर्थशास्त्र एम कॉम, एमबीए, एमसीए और
एमएससी गणित के लगभग 300 विद्यार्थियों ने इस कार्यक्रम में सक्रिय
भागीदारिता निभाई और प्रश्नों के माध्यम से जिज्ञासाओं का समाधान भी
किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीयगान के साथ हुआ और अंत में विद्यार्थियों
के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई थी।
