
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / भारतीय जनता पार्टी हरियाणा की प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती प्रियदर्शिनी सिंह ने नेक्स्ट जेन जीएसटी एवं सेवा पखवाड़ा (17 सितम्बर – 2 अक्टूबर 2025) के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि नेक्स्ट जेन जीएसटी भारत की कर प्रणाली में एक ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण सुधार है। इसका उद्देश्य जीएसटी व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी, डिजिटल एवं व्यापारियों के लिए सरल बनाना है। इस नई व्यवस्था से टैक्स प्रक्रिया आसान होगी, अनुपालन बोझ कम होगा और राजस्व पारदर्शिता में वृद्धि होगी। इससे व्यापार जगत और आम नागरिक दोनों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
श्रीमती प्रियदर्शनी सिंह मंगलवार को सेक्टर-2 स्थित भाजपा फरीदाबाद महानगर जिला कार्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता कर रही थी। उन्होंने कहा कि भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार हर वर्ग का जीवन उत्थान कर रही है, देश में पहली बार ऐसी सशक्त सरकार बनी है, जिसने गरीब, पिछड़े व आम आदमी को आर्थिक रुप से मजबूत किया है। भाजपा जिला महामंत्री अनुराग गर्ग ने सेवा पखवाड़े के बारे जानकारी देते हुए बताया कि सेवा पखवाड़ा 17, सितम्बर से 2, अक्टूबर तक पूरे देश में मनाया जाएगा। इस अवधि में भाजपा कार्यकर्ता रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य जांच शिविर, नि:शुल्क औषधि वितरण एवं समाज सेवा के विविध कार्यक्रम आयोजित करेंगे। यह पखवाड़ा माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस से शुरू होकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती तक चलेगा।
इस अवसर पर जिला महामंत्री फरीदाबाद महानगर अनुराग गर्ग, जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा श्रीमती ममता राघव, जिला मीडिया प्रभारी राजेश कौशिक , जिला सह संयोजक (जीएसटी) कैलाश वशिष्ठ, पदाधिकारी एवं सभी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने सेवा पखवाड़ा को सफल बनाने हेतु सामूहिक रूप से संकल्प लिया। अंत में श्रीमती प्रियदर्शिनी सिंह ने महानगर के नागरिकों से अपील की कि वे सेवा पखवाड़ा में अधिकाधिक सहभागिता करें और स्वच्छ, स्वस्थ एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।
