
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे/ के.एल. मेहता दयानंद महिला महाविद्यालय, फरीदाबाद में 2 अगस्त 2025 को महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ मंजू दुआ को उनकी 38वर्षों की समर्पित सेवा के लिए सम्मानित करने हेतु एक भावपूर्ण और भव्य सेवानिवृत्ति समारोह का आयोजन किया।
डॉ मंजू दुआ एवं उनके परिजनों तथा पूर्व सेवानिवृत्त शिक्षिकाओं का स्वागत ढोल नगाड़ों की थाप एवं परंपरा स्वरूप तिलक के साथ हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ मिथिलेश अग्रवाल द्वारा सभी का स्वागत संबोधन कर, डॉ मंजू दुआ के कार्यकाल की उपलब्धियों एवं उनकी स्वयं की उपलब्धियों से सभी को अवगत कराया।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित एमडीईएस अध्यक्ष डॉ आनंद महता,श्रीमती शुभ महता(सेल्फ फाइनेंस डाइरेक्टर), डॉ अनीता कांत(उपाध्यक्ष) महाविद्यालय की वर्तमान प्राचार्या डॉ मीनू दुआ एवं वरिष्ठ स्टाफ सदस्यों की उपस्थिति में डॉ मंजू दुआ द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जो ज्ञान और उनके द्वारा छोड़ी गई विरासत का प्रतीक था।
डॉ. आनंद महता ने डॉ मंजू दुआ को वर्षों से उनके अनुकरणीय योगदान के लिए आगे की नई यात्रा के लिए शुभकामनाएँ दी और सम्मान स्वरूप स्मृति चिन्ह भेंट किया।
वर्तमान प्राचार्या डॉ. मीनू दुआ ने डॉ मंजू दुआ एवं उनके परिजनों का तहे दिल से धन्यवाद किया एवं बताया कि किस प्रकार मैडम महाविद्यालय की मेरुदंड है एवं उनके असाधारण समर्पण और मार्गदर्शन में संपूर्ण हुई प्रत्येक सफलता के लिए उनकी सराहना की। उनके धैर्य पूर्वक एवं संयम से अपने प्रत्येक कार्यों का भली-भांति निर्वाह करने की भूरि भूरि प्रशंसा की एवं उनको समर्पित गीत की प्रस्तुति दी।
सम्मान और प्रशंसा के प्रतीक के रूप में, सभी शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने उन्हें फूल और पौधे भेंट किए, एवं सेवानिवृत्त शिक्षिकाओं ने भी भेंट स्वरूप उपहार दिये। जो उनकी अटूट सेवा के प्रति सभी की हार्दिक शुभकामनाओं के प्रतीक थे।
अपने विदाई भाषण में डॉ मंजू दुआ ने सर्वप्रथम महाविद्यालय के संस्थापक स्वर्गीय श्री कन्हैयालाल महता एवं स्वर्गीय डॉ विमल महता को याद कर उनका आभार व्यक्त किया।
अपने पूरे सफ़र में उनके अटूट सहयोग के लिए प्रबंधन और समस्त शिक्षिकाओं के प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने सभी शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारियों को तहे दिल से धन्यवाद दिया और अपनी ज़िम्मेदारियों को प्रभावी ढंग से निभाने में उनकी भूमिका की सराहना की।
इसी प्रकार पूर्व सेवानिवृत्त शिक्षिकाओं, वरिष्ठ शिक्षिकाओं एवं प्रबंधक सदस्यों ने उनके साथ बिताए पलों एवं अनुभव को सभी के साथ साझा करते हुए उनके व्यक्तित्व की सुंदर छवि से सब को अवगत कराया।
युवा महोत्सव के कोरियोग्राफर (हरियाणवी लोकनृत्य) के रूप में महाविद्यालय से जुडे श्री प्रकाश एवं उनकी टीम ने भेंट स्वरूप बुके एवं शॉल ओढ़ाकर मैम का सम्मान किया एवं फाइन आर्ट्स के निरीक्षक श्री मनोज ने मैडम की स्व-चित्रित तस्वीर सम्मान-स्वरूप भेंट की।
डॉ. मंजू दुआ के प्रेरक और सुंदर सफ़र को और सुंदर बनाने के लिए डॉ मधू सिंह, डॉ राजेश, डॉ रेखा बरक, डॉ नीतू शर्मा, श्रीमती कविता सैनी एवं श्रीमती अंजना ने सामूहिक रूप से गीत की प्रस्तुति दी।
युवा महोत्सव से जुडे गायक सौरभ वर्मा ने गीतों की प्रस्तुति के माध्यम से इस मौके पर चार चांद लगा दिए।
सभी ने एक पुरानी यादों को ताज़ा करने वाली वीडियो प्रस्तुति का आनंद लिया, जिसमें डॉ मंजू दुआ के 38वर्षों के उल्लेखनीय करियर – समर्पण, दृढ़ता और उत्कृष्टता से भरी एक यात्रा – को खूबसूरती से प्रदर्शित किया गया था। इसके साथ ही रिकॉर्डेड वीडियो के माध्यम से मैडम के परिजनों ने उनके सुंदर व्यक्तित्व के बारे में बताया तथा ढेर सारी शुभकामनाएं दी।
मंच का सफलतापूर्वक संचालन डॉ मिथिलेश अग्रवाल एवं डॉ श्वेता आर्या द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का समापन एक शानदार दोपहर के भोजन के साथ हुआ।
सेवानिवृत्ति समारोह भावनाओं, पुरानी यादों और कृतज्ञता का एक आदर्श मिश्रण था, जिसने इसे एक प्रिय मार्गदर्शक, सहकर्मी और मित्र के लिए एक यादगार विदाई बना दिया।
