
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / राजकीय महिला महाविद्यालय सेक्टर 16- ए फरीदाबाद में सोमवार को 30वीं दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। जिसमें बीजेएमसी प्रथम वर्ष की छात्रा दिव्या ने चार सौ मीटर रेस में व बीए प्रथम वर्ष की छात्रा करूणा ने सौ मीटर फर्राटा रेस में सबसे तेज दौड़ लगाकर प्रथम स्थान हासिल किया ।
कार्यक्रम के मुख्यातिथि अंतराष्ट्रीय किकबाॅक्सिंग खिलाड़ी, रेफरी एवं कोच संतोष कुमार अग्रवाल रहे । खेलों का शुभारंभ करते हुए उन्होंने कहा कि खेल हमारे शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी है । उन्होंने खेल हमें अनुशासन सिखाते हैं तथा कठिन परिस्थितियांे में मानसिक रूप से मजबूत करते हैं । उन्होंने कहा कि आधुनिक समय में खेल केवल खेल न होकर एक प्रोफेशन क्षेत्र के रूप में विकसित हुऐं, जो खिलाड़ी समर्पण भाव से तैयारी करते हैं, उन्हें कामयाबी आवश्य मिलती है ।प्राचार्या डा. सुनिधि ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन में जितना महत्व शिक्षा का है, उतना खेलों का भी है। खेल हमें अनुशासन एवं टीम वर्क का पाठ सिखाते हैं । इसलिए हर विद्यार्थी को किसी न किसी खेल को अपने दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए ।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर महाविद्यालय की योगा टीम ने योगा की प्रस्तुति दी तथा बीजेएमसी अंतिम वर्ष की छात्रा नीतू मिश्रा ने महाभारत के एक गाने पर प्रस्तुति दी ।शारीरिक शिक्षा विभाग के प्राध्यापक एवं खेलों के आयोजक बलवीर सिंह दहिया ने बताया कि दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन हुआ है, पहले दिन चार सौ मीटर, सौ मीटर फर्राटा रेस, लंबी कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो एवं उंची कूद प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ । बाकी प्रतियोगिताएं दूसरे दिन समापन समारोह पर आयोजित होंगी ।
प्रतियोगिता के पहले दिन सौ मीटर रेस में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा करूणा ने प्रथम, बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा निशा ने द्वितीय एवं बीए अंतिम वर्ष की छात्रा प्रीति तथा एम काॅम द्वितीय वर्ष की छात्रा कीर्ती ने क्रमशः तृतीय स्थान हासिल किया । चार सौ मीटर रेस में बीजेएमसी प्रथम वर्ष की छात्रा दिव्या ने प्रथम स्थान, बीसीए द्वितीय वर्ष की छात्रा कोमल ने द्वितीय स्थान तथा बीसीए तृतीय वर्ष की छात्रा बबली ने तृतीय स्थान हासिल किया । डिस्कस थ्रो में अंजली ने प्रथम, वर्षा ने द्वितीय एवं शिवानी ने तृतीय स्थान हासिल किया । शॉटपुट में करूणा ने प्रथम, श्रेया ने द्वितीय एवं लक्ष्मी ने तृतीय स्थान हासिल किया ।
