
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / सतरंगी छटा बिखेरता दयानंद महिला महाविद्यालय सभागार का खूबसूरत मंच, पुरानी दोस्ती को दोबारा जीने की तमन्ना लिए इधर-उधर तलाशती निगाहें, गुजरे वक्त की सुनहरी यादों को जिंदा करता महाविद्यालय कैंपस, गीत-संगीत शेरों शायरी और किस्सों में हंसी के ठहाके लगाती हुई छात्राएं , 1 फरवरी 2025 को महाविद्यालय के सभागार में एकत्रित हुईं।
इस बैठक का उद्देश्य पूर्व छात्राओं को एक-दूसरे से फिर से जुड़ने, नेटवर्क बनाने, खुद को चुनौती देते हुए और अपने साथियों का उत्साहवर्धन करते हुए मौज मस्ती भरी गतिविधियों में शामिल होने के लिए एक मंच प्रदान करना था।
1 फरवरी उत्साह से भरा हुआ दिन था।सबसे प्रतिक्षित कार्यक्रम आखिरकार आ ही गया। सुबह 11 बजे तक सभी लोग आ चुके थे। सभी पूर्व छात्राओं का अभिनंदन बड़े उत्साह एवं परंपरागत रूप से मस्तक पर तिलक लगाकर एवं स्वागत गीत के साथ किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ मंजू दुआ, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित डॉ आनंद महता (एमडीइएस अध्यक्ष), श्रीमती शुभ महता (सेल्फ फाइनेंस डाइरेक्टर), मैनेजमेंट मैंबर अभिषेक महता, श्रीमती अनु महता एवं सम्मानित अतिथि डॉ जगबीर राठी (पूर्व निदेशक युवा कल्याण, महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय) द्वारा दीप प्रज्वलन एवं गायत्री मंत्र के उच्चारण के साथ हुआ।
अतिथिगण का स्वागत महाविद्यालय की प्राचार्या द्वारा शॉल ओढ़ाकर किया गया। डॉ आनंद महता ने शॉल ओढ़ाकर डॉ जगबीर राठी को सम्मानित किया। डॉ जगबीर राठी एक प्रसिद्ध कलाकार, कवि और शिक्षाविद् है। ये बहुमुखी प्रतिभा के धनी जिन्होंने कविता, अभिनय और शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। ये लोक मीडिया में डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित है।
इसके बाद महता जी ने सभी पूर्व छात्राओं को महाविद्यालय के परिसर में पुनः आगमन पर आभार व्यक्त किया एवं संबोधन के रूप में खुशी जाहिर की। तत्पश्चात छात्राओं द्वारा माँ सरस्वती की वंदना एवं शास्त्रीय नृत्य के साथ कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया। कार्यक्रम की संयोजक के रूप में डॉ मीनू दुआ एवं डॉ सुदेश दहिया तथा सह-संयोजक के रूप में डॉ मधू सिंह एवं डॉ राजेश खत्री ने अहम भूमिका निभाई। कार्यक्रम का सफलतापूर्वक संचालन श्रीमती विनीता वर्मा एवं श्रीमती कुनिका अरोरा द्वारा किया गया।
इस दिन को यादगार बनाने के लिए मुख्य अतिथियों के साथ पूर्व छात्राओं की फोटो ली गई एवं सेल्फी पॉइंट भी लगाया गया। सभी पूर्व छात्राओं ने दोस्तों के साथ मिलकर परिवार के रूप में फोटो लेने के साथ इसे एक स्थायी स्मृति में बदल दिया। सभी पूर्व छात्राओं ने कुछ रोचक बातों एवं अपने अनुभव को साझा किया। उन्होंने अपने जीवन में प्राप्त सफलताओं से सभी को अवगत कराया।
महाविद्यालय द्वारा पूर्व छात्राओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में ओर रंग भरने तथा उल्लासित वातावरण बनाने के लिए महाविद्यालय की छात्राओं द्वारा दी गई ऑर्केस्ट्रा की मनमोहक प्रस्तुति से समस्त वातावरण झूम उठा। जोश इतना बढ़ गया कि पूर्व छात्राएं भी स्वयं को नही रोक पाई और मंच पर जोर-शोर से नृत्य किया। कार्यक्रम में चार चांद लगाने एवं पूर्व छात्राओं की स्मृति को ओर यादगार बनाने के लिए छात्राओं द्वारा हरियाणावी नृत्य की प्रस्तुति दी गई। तत्पश्चात डॉ जगबीर राठी ने प्रेरक हास्य भाषण से शुरूआत करते हुए अपनी जोरदार प्रस्तुति पेश की।
डॉ जगबीर राठी एवं डॉ सौरभ वर्मा ने एक के बाद एक मनमोहक गीतों की झड़ी लगा दी जिसपर छात्राओं ने खूब जमकर नृत्य किया। गीतों की प्रस्तुति ने समस्त सभागार में समां बांध दिया एवं खुशी से झूम उठा। कार्यक्रम के समापन के साथ सभी के लिए स्वादिष्ट एवं विभिन्न प्रकार के भोजन का प्रबंध किया गया। यह भोजन ही नहीं था बल्कि पूर्व छात्राओं के लिए एक-दूसरे से मिलने और पुरानी यादें ताजा करने का एक अवसर था।
दिनभर की गतिविधियों को यादगार बनाने के लिए समूह फोटो ली गई और जैसे-जैसे शाम ढलने लगी, पूर्व छात्राओं ने एक-दूसरे को विदाई दी और जल्द ही इस दिन को फिर से मनाने का वादा किया। वे दोस्तों के साथ बिताए एक सुखद दिन का आनंद लेने के बाद तरोताजा महसूस कर रहे थे।
दिन के समापन पर पूर्व छात्राओं ने कार्यक्रम में आमंत्रित करने के लिए सभी का धन्यवाद किया तथा भविष्य में होने वाले सभी कार्यक्रमों में इसी तरह उत्साह के साथ भागीदारी के लिए अनुरोध किया।
