
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत जो एक राष्ट्रव्यापी ग्राहक संगठन है, ने केंद्र सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्री श्री राम मोहन नायडू किंजरापू को एक ज्ञापन भेजकर प्रयागराज महाकुंभ के लिए एयरलाइंस कंपनियों द्वारा बढ़ाये गये किराए को कम करने की मांग की है।
इस विषय में आज अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत फरीदाबाद की शाखा ने उपायुकत फरीदाबाद के माध्यम से केंद्रीय मंत्री के नाम एक ज्ञापन सोंपा, जिसकी एक प्रतिलिपि केंद्रीय उड्डयन राज्य मंत्री श्री मुरली धर , उड्डयन विभाग के महानिदेशक फैज अहमद किदवई एवं राष्ट्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण के मुख्य आयुक्त श्रीमती निधि खरे को भी भेजी है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष प्रदीप बंसल व जिला संयोजक अजय भाटिया ने कहा कि हवाई किराया किसी भी शहर की दूरी के हिसाब से तय होनी चाहिए ना की मांग के अनुसार।
महाकुंभ में जाने वाले श्रद्धालुओं की भावनाओं का शोषण करते हुए एयरलाइंस द्वारा 4 से 10 गुना किराया वसूलना उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 2019 के अनुसार अनुचित व्यापार व्यवहार है जिस का हम घोर विरोध करते हैं ।
इसी माध्यम से केंद्र सरकार से भी मांग की गई है कि सरकार तुरंत बढ़ाया हुआ किराया वापस ले और जो अधिक किराया वसूल कर चुके हैं उसे ग्राहकों को वापस लौटाया जाए अन्यथा ग्राहक पंचायत के कार्यकर्ता भारत के सभी हवाई अड्डों एवं एयरलाइंस के ऑफिस पर प्रदर्शन करेंगे.
