
फरीदाबाद जनतंत्र टुडे / जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद ने शिक्षकों के समर्पित प्रयासों का सम्मान करने के लिए पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के उपलक्ष्य में ‘शिक्षक दिवस’ पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. सुशील कुमार तोमर ने राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया। उन्होंने प्रतिष्ठित शिक्षक के रूप में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन और योगदान पर प्रकाश डाला और डिजिटल युग में शिक्षकों की उभरती भूमिका पर चर्चा की।
प्रो. तोमर ने वरिष्ठ संकाय सदस्यों से सहयोगी पहल के माध्यम से अपनी क्षमता और विशेषज्ञता का लाभ उठाने का आग्रह किया। उन्होंने विशेष रूप से स्थानीय उद्योगों तथा समाज के लाभ के लिए प्रौद्योगिकी आधारित अनुसंधान और परामर्श सेवाओं को बढ़ावा देने के महत्व पर भी बल दिया।
कुलपति ने भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुए विश्वविद्यालय के पांचवें दीक्षांत समारोह की सफलता सुनिश्चित करने में संकाय सदस्यों और कर्मचारियों द्वारा किए गए प्रयासों की भी सराहना की। इस अवसर पर संचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा प्रकाशित न्यूजलेटर ‘संचार’ के नवीनतम संस्करण का विमोचन कुलपति द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के संकाय तथा स्टाफ सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
000
