
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
सबसे बड़ी पंचायत ‘संसद’ के लिए लोकसभा चुनाव-2024 के अबतक दो चरणों में कम वोटिंग ने सभी की चिंता बढ़ा दी है। सरकार और राजनीतिक दल परेशान हैं। आखिर जागरूकता अभियान चलाए जाने के बावजूद भी कम मतदान क्यों हो रहा है। इसी चिंता और चिंतन के लेकर कुछ सामाजिक संगठन सक्रिय हो गए हैं। चुनाव आयोग के दिशा निर्देश पर जिला प्रशासन भी जगह जगह मतदाता जागरूकता अभियान चला रहा है। जिसकी अगुआई अतिरिक्त जिला उपायुक्त आनंद शर्मा कर रहे हैं। उनकी उपस्थिति में जिले के शिक्षा संस्थानों में स्कूल, कॉलेज, यूनिवर्सिटी और शहर की सामाजिक -धार्मिक संस्थाओं और आरडब्लूए के साथ मिलकर जन जागरण अभियान चलाया हुआ है।
लोकतंत्र के सबसे बड़े पर्व चुनाव में अपनी अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए अपने तौर तरिके से सभी सहयोग कर रहे हैं। इसी सामाजिक सरोकार में त्यागी सभा फरीदाबाद भी अपनी आहुति डालने जा रहा है। सभा के अध्यक्ष एसके त्यागी ने मीडिया को जारी एक बयान में कहा कि हमारा संगठन भी इस लोकतंत्र पर्व में पूर्ण हिस्सेदारी निभाएगा। एस के त्यागी ने बताया कि शत प्रतिशत मतदान के लिए उनकी संस्था जिले में जागरूकता अभियान चलाएगी। जिसके लिए संस्था की यूथ विंग सोशल मीडिया के माध्यम से वोटर अवेयरनेस कैंपेन चलाएगी। जिसमें वाट्सएप ग्रुप बनाकर फरीदाबाद जिले के अपने त्यागी समाज से संबंधित सभी को समय समय पर मैसेज करेंगे। इसके अलावा अन्य समाज के अपने सभी परिचितों को भी हर रोज कॉल करके, मेसेज द्वारा वोट डालने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
त्यागी सभा फरीदाबाद के प्रधान एसके त्यागी ने बताया कि लोकतंत्र पर्व में सभी की भागीदारी से ही एक बेहतर चुनाव व्यवस्था स्थापित होगी। हमारी संस्था युवाओं और सीनियर सिटीजन के समूह में शत प्रतिशत मतदान के लिए जागरूकता अभियान शुरू करने जा रही है। वह स्वयं वरिष्ठजनों के समूह का नेतृत्व करेंगे जिसमें घर घर संपर्क के माध्यम से तथा पार्क घूमने आने वाले सीनियर सिटीजन को सुबह – शाम व्यायाम के दौरान मतदान अवश्य करें के प्रति जागरूक करेंगे। यूथ विंग सोशल प्लेट फॉर्म पर मोर्चा संभालेगी। इस तरह अपना सामाजिक दायित्व समझते हुए हम 25 मई को हरियाणा में लोकसभा चुनाव के मतदान में शत प्रतिशत भागीदारी निभाने के लिए इस जागरूकता अभियान को सफल बनाने में आप सभी का सहयोग चाहते हैं।
