श्री रामलला प्राण प्रतिष्ठा समारोह के उपलक्ष्य में भगवान श्री राम की अर्चना करते हुए कुलपति प्रो. सुशील कुमार तोमर
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद ने आज भगवान श्री राम की पवित्र जन्मभूमि अयोध्या (उत्तर प्रदेश) में नवनिर्मित राम मंदिर के गर्भगृह के अंदर राम लला की मूर्ति की ‘प्राण प्रतिष्ठा’ समारोह का शुभ अवसर श्रद्धापूर्वक मनाया। इस सुअवसर पर विश्वविद्यालय के कर्मचारियों और शिक्षकों ने उत्सव की भावना को ध्यान में रखते हुए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया।

अयोध्या में भव्य प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ, जिसने पूरे देश में खुशी की लहर दौड़ गई। इस ऐतिहासिक क्षण का लंबे समय से इंतजार कर रहे भगवान राम के भक्तों को सांत्वना और खुशी मिली।
विश्वविद्यालय परिसर में स्थित श्री शिव शक्ति मंदिर में ‘सुंदरकांड पाठ’ का आयोजन किया गया, जहां कुलपति प्रो. सुशील कुमार तोमर, उनकी पत्नी श्रीमती जयमाला तोमर, कुलसचिव डॉ. मेहा शर्मा और अन्य स्टाफ सदस्य सम्मिलित हुए तथा भगवान श्री राम के पूजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शिक्षकों द्वारा कुलपति प्रो. तोमर के नेतृत्व में हवन का आयोजन भी किया गया, जिसमें श्री राम मंदिर की समृद्धि तथा इसकी पवित्रता को बनाये रखने के लिए प्रार्थना की गई तथा श्रद्धा व्यक्त की गई।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. तोमर ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह देश की एकता और सांस्कृतिक विरासत का एक क्षण है, जो आध्यात्मिकता और राष्ट्रीय गौरव की भावना को बढ़ावा देता है। जे.सी. बोस विश्वविद्यालय का प्रत्येक सदस्य इस ऐतिहासिक उत्सव का हिस्सा बनकर बेहद गर्व का अनुभव कर रहा है और इस आयोजन के माध्यम से विश्वविद्यालय देश की विविधता में एकता के मूल्यों और परंपराओं को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त करता है।