
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
अग्रवाल महाविद्यालय में सात दिवसीय एनएसएस विशेष शिविर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. कृष्ण कांत जी के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है।
अग्रवाल कॉलेज के एनएसएस सात दिवसीय विशेष शिविर के छठें दिन विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गई। सर्वप्रथम स्वयंसेवकों ने गौशाला में जाकर गौ माता को हरा चारा और गुड़ खिलाकर गौ सेवा की। तत्पश्चात स्वयंसेवकों ने नॅब अंध विद्यालय में जाकर वहां के विद्यार्थियों को खाने पीने का सामान वितरित किया। अंध विद्यालय के साथ-साथ स्वयंसेवकों ने वृद्धाश्रम जाकर बड़े-बुजुर्गों से आशीर्वाद लिया और उनके साथ समय बिताया। आज ही के दिन डॉ. पुनीता हंसिजा द्वारा एक व्याख्यान दिया गया जिसमें स्वयंसेवकों को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के महत्त्व पर बताया गया। डॉ. पुनीता ने कहा कि व्यक्ति के शरीर में मस्तिष्क का महत्त्वपूर्ण स्थान है, क्योंकि व्यक्ति जो भी कार्य करता है वह अपने मस्तिष्क के संकेत पर या मन के अनुसार करता है। जब तक हमारा मन स्वस्थ नहीं रहता है, तब तक हमारा शरीर स्वस्थ नहीं हो सकता और हम किसी भी कार्य को ठीक से नहीं कर सकते।
जिन लोगों का मस्तिष्क स्वस्थ नहीं रहता वे जीवन की विभिन्न परिस्थितियों का सामना सफलतापूर्वक नहीं कर पाते, वे सदा एक प्रकार से मानसिक उलझन या परेशानी में रहते हैं। साथ ही साथ आज स्वयंसेवकों के मध्य लेमन स्पून प्रतियोगिता भी करवाई गई जिसमें सभी स्वयंसेवकों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ पर एक जागरूकता रैली भी निकाली गई जिसमें स्वयंसेवकों ने बेहतर समाज का निर्माण करने के लिए हर बेटी का शिक्षित करने के लिए जागरूक किया ।
प्राचार्य डॉ. कृष्ण कांत गुप्ता ने एनएसएस के तीनों कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शोभना गोयल, डॉ. सुप्रिया ढांडा, डॉ. सीमा मलिक और सभी स्वयंसेवकों को शिविर की विभिन्न गतिविधियों के लिए बधाई दी।
