
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / सेक्टर-15 में सी. दास फाउंडेशन के सहयोग से विकसित किए गए ईको वन में मंगलवार को मानव रचना यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों ने प्रकृति संरक्षण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी हासिल की। इस दौरान छात्रों ने न केवल पर्यावरणीय संतुलन के महत्व को समझा, बल्कि वहां संरक्षित की जा रही दुर्लभ एवं विलुप्ति के कगार पर पहुंच चुकी पौधों की प्रजातियों के बारे में भी विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
पर्यावरणविद समर्थ खन्ना ने विद्यार्थियों को ईको वन में संरक्षित विभिन्न पौधों की प्रजातियों, उनकी खासियतों और पारिस्थितिकी तंत्र में उनकी भूमिका के बारे में बताया। विद्यार्थियों ने ईको वन में ही बनाए गए म्यूजियम ऑफ नेचुरल हिस्ट्री (Museum of natural history) का दौरा किया और वहां भी प्रकृति के बारे में जाना। समर्थ खन्ना ने कहा कि ईको वन पर्यावरण शिक्षा का हब बनता जा रहा है, जहां युवा पीढ़ी को प्रकृति के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनाने का प्रयास किया जा रहा है। समर्थ खन्ना के अनुसार ईको वन ऐसे तेजी से विकसित होने वाले माइक्रो-फॉरेस्ट हैं, जो न केवल प्रदूषण को कम करने में सहायक हैं बल्कि स्थानीय जैव विविधता को भी पुनर्जीवित कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यहां आने वाले विद्यार्थी प्रकृति को करीब से समझते हैं और पर्यावरण संरक्षण के व्यावहारिक स्वरूप को सीखते हैं, जो उनके लिए जीवनभर उपयोगी साबित होगा।
सी. दास फाउंडेशन के सहयोग से सेक्टर-15 में कुल 12 ईको वन विकसित किए गए हैं, जहां विभिन्न स्वदेशी पौधों और दुर्लभ प्रजातियों को संरक्षित किया जा रहा है। इन ईको वन के माध्यम से न केवल हरियाली बढ़ रही है बल्कि यह क्षेत्र पर्यावरण शिक्षा व अनुसंधान का महत्वपूर्ण केंद्र भी बनता जा रहा है। मंगलवार को आयोजित इस शैक्षिक भ्रमण ने छात्रों को पर्यावरण संरक्षण की वास्तविक समझ दी। विद्यार्थी जहां एक ओर प्रकृति के करीब पहुंचे, वहीं उन्होंने यह भी जाना कि तेजी से बदलते पर्यावरणीय परिदृश्य में ऐसे प्रयास कितने आवश्यक हैं।
सी. दास ग्रुप के चेयरमैन बीआर भाटिया ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। ईको वन जैसे प्रयास युवाओं को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बना रहे हैं। ये ईको वन फरीदाबाद में पर्यावरण जागरूकता का मजबूत आधार बन चुके हैं, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए एक प्रेरणादायक मॉडल प्रस्तुत कर रहे हैं। गौरतलब है कि इन ईको वन का उद्घाटन इस वर्ष मार्च में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल द्वारा किया गया था। उद्घाटन के बाद से ही यहां छात्रों, पर्यावरण प्रेमियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों का आना-जाना लगातार जारी है।






