
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
सेक्टर 86 स्थित शिरडी साईं बाबा स्कूल में इनर व्हील क्लब फरीदाबाद सेंट्रल के तत्वाधान में महिला स्वच्छता व सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के तौर पर स्त्री रोग विशेषज्ञ डा. नैनी नोयाल और मोटिवेशनल वक्ता आजाद शिवम दीक्षित शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरूआत में संगीत अध्यापक प्रमोद शर्मा ने सरस्वती वन्दना गाकर सभी का मन मोह लिया। तत्पश्चात इनर व्हील क्लब की अध्यक्षा अनीता गोस्वामी ने आए हुए वक्ताओं को बाबा का अंगवस्त्र और प्लांटर देकर सम्मानित किया।
मुख्य वक्ता डा. नैनी ने साई धाम द्वारा किये जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि साई धाम के प्रागंण में एक विशेष प्रकार की सकारात्मक ऊर्जा है। जिसका लाभ लगातार गरीब परिवारों को मिल रहा है। उन्होंने महिला स्वच्छता पर बात करते हुए कहा कि मासिक धर्म कोई बीमारी नहीं है बल्कि एक प्राकृतिक प्रक्रिया है। जो एक बच्ची को स्त्री बनाती है। उन्होंने सेनिटेरी नैपकीन के प्रयोग पर जोर देते हुए कहा कि एक सेनिटरी नैपकीन आपकों विभिन्न बीमारियों से दूर रख सकता है। हमें मासिक धर्म के समय के स्वच्छता का बहुत ध्यान रखना चाहिए।
साई धाम के प्रेरक वक्ता आजाद शिवम दीक्षित ने बच्चियों को आत्म रक्षा सिखाने पर बल देते हुए कहा कि इस देश में मानसिकता बदलने की आवश्यकता बेटियों को नहीं बल्कि बेटों को है। आत्म रक्षा हमे सबल बनाती है। साथ ही असमाजिक तत्वों से हमारा बचाव भी करती है। उन्होंने कहा कि एक बच्ची के शिक्षित होने से पूरा समाज शिक्षित होता है। इनर व्हील क्लब चेयर परसन अनीता अमर ने राज्य स्तरीय कराटे चैंपियनशिप में पदक लानेवाली शिरडी साई बाबा स्कूल की दो छात्राओं (विशाखा व टीना) प्रोत्साहित करते हुए कहा कि इनर व्हील क्लब सदैव इस प्रकार का प्रदर्शन करने वाली बच्चियों का उत्साहवर्धन करता रहेगा। उन्होंने डा. मोतीलाल गुप्ता की प्रशंसा करते हुए कहा कि डा. गुप्ता जिस प्रकार से समाज कल्याण के लिए कार्य कर रहे हैं वह हम सबके लिए प्रेरणा के श्रोत है।
शिरडी साई बाबा स्कूल की प्रधानाचार्या बीनू शर्मा ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया । इनर व्हील क्लब द्वारा बच्चियों को सेनिटरी नैपकीन भी वितरित किये गये। कार्यक्रम के अंत में इनर व्हील क्लब की उपाध्यक्ष मधु वर्मा द्वारा आये हुए सभी आगंतुकों का धन्यवाद किया। कार्यक्रम में डा. रिता नोयल, हरविन्दर कौर, अंजिल जैन, स्वेता गोयल आदि शामिल हुए।







