
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सराय ख्वाजा फरीदाबाद में डाइट पाली के सौजन्य से विद्यालय की जूनियर रेडक्रॉस, सैंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड और गाइड्स ने प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा की अध्यक्षता में साइबर क्राइम, साइबर सिक्योरिटी और सेक्सुअल हैरेसमेंट आदि विषयों पर विद्यालय की छात्राओं को जागरूक किया। विद्यालय की जे आर सी एवम एस जे ए बी अधिकारी प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा ने कहा कि आज डाइट पाली से वरिष्ठ प्रिंसिपल डॉक्टर सीमा शर्मा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आप अपनी निजी इनफॉर्मेशन, अपनी पिक्स तथा कोई सूचना किसी को भी न दें न ही किसी अपरिचित की बातों में आएं।
इसी प्रकार अपरिचित व्यक्ति, लिंक अथवा साइट से कुछ भी डाउनलोड न करें क्योंकि ऐसे लिंक और साइट अधिकतर फ्रॉड होती है और आप के लिंक पर जाते ही आप की सारी इनफॉर्मेशन हैक कर ली जाती है और यहां तक कि आप के अकाउंट से सारी धनराशि भी निकाल ली जाती है। डॉक्टर सीमा शर्मा ने कहा कि आप ने समझदारी दर्शाते हुए अपने साथ होने वाली किसी भी अप्रिय घटना को अपने अध्यापकों, अपनी माता और पिता को अवश्य बताना है। आप के अध्यापक, माता, पिता आप के सब से अच्छे मित्र और शुभचिंतक हैं। विद्यालय के प्रिंसिपल रविंद्र कुमार मनचंदा ने डॉक्टर सीमा शर्मा का स्वागत करते हुए बालिकाओं से कहा कि आप अपनी मम्मी, पापा और अध्यापकों से कोई भी बात न छिपाएं।
आप को कोई विद्यालय आते जाते समय तंग करता है अपना मोबाइल नंबर देने के लिए बाध्य करता है, आप की व्यक्तिगत सूचना को चोरी करता है, दूसरों से सांझा करता है तो आप इस की सूचना पुलिस हेल्पलाइन, ऑनलाइन या महिला पुलिस को दें। शिक्षा विभाग और प्रशासन द्वारा आप की सुरक्षा के लिए सभी प्रावधान किए गए हैं। आप स्वयं जागरूक हों और अपनी सुरक्षा के प्रति अलर्ट रहें। प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा ने डाइट पाली से वरिष्ठ प्रधानाचार्य डॉक्टर सीमा शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अपने सभी अध्यापकों प्रज्ञा मित्तल, गीता, रविंद्र कुमार और संजीव एवम सभी छात्राओं का भी धन्यवाद प्रकट किया।







