
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / नवरात्रों में नौ दिन तक शक्ति की दाता मां जगदंबा की आराधना कर शक्ति संचय करने के बाद दसवें दिन विजयादशमी को शस्त्र पूजन कर देश और धर्म की रक्षा का संकल्प लेने का दिन है विजयादशमी। यह महापर्व अधर्म पर धर्म की, असत्य पर सत्य की, अंधकार पर प्रकाश की और दानवता पर मानवता की विजय का प्रतीक है।
उक्त विचार आज महाराजा अग्रसैन पार्क सेक्टर- 2 बल्लभगढ़ में आयोजित विजयादशमी कायर्क्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उत्तर क्षेत्र संघचालक पवन जिंदल ने व्यक्ति किये।
उन्होंने कहा कि आज संघ की स्थापना को पूरे 100 वर्ष हो गए हैं. अपने 100 वर्षों की सतत यात्रा के बाद संघ आज सेवा, समर्पण, समता, समरसता, मातृभू वंदना एवं सबल राष्ट्र निर्माण का अधिष्ठान बनकर खड़ा है। आज से संघ का शताब्दी वर्ष प्रारंभ हो रहा है, इस शताब्दी वर्ष में अनेक कार्यक्रमों का आयोजन वर्षभर किया जाएगा। इनमें सभी नगरों व खंडों में हिंदू सम्मेलन, विचार गोष्ठियां, सामाजिक सद्भावना बैठकें, आदि का आयोजन किया जाएगा, घर घर संपर्क कर पंच परिवर्तन – सामाजिक समरसता, स्वदेशी, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक कर्त्तव्य एवं कुटुंब प्रबोधन का सन्देश दिया जायेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व आईपीएस अधिकारी संजय कुंडू ने की। उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि यह भारत का स्वर्णिम काल चल रहा है और निश्चित ही 2047 तक भारत विश्व गुरु बनेगा, हम विश्व का नेतृत्व करेंगे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहे हिसार कृषि विश्वविद्यालय से सेवानिवृत प्रो. रामबाबू श्रीवास्तव ने कहा कि समाज सेवा के क्षेत्र में संघ के कार्य अद्भुत रहे हैं, अद्वितीय रहे हैं, विश्व के लिए उदाहरण हैं। उन्होंने स्वयंसेवकों से अपनी प्राचीन विरासत से जुड़ने का आग्रह किया।
इस अवसर पर जिला संघचालक डॉ. चंद्रशेखर ने बताया कि आज बल्लभगढ़ जिले में विजयदशमी के कुल 20 कार्यक्रम हुए जिनमें सेक्टर 2 में, सेक्टर 3 में, सेक्टर 62 में, सेक्टर 70 में, मलेरना रोड बल्लबगढ़ में, चावला कॉलोनी में, बड़ौली में, करनेरा में, फिरोजपुर में, मछगर में, पियाला में, सीकरी में, हीरापुर में, बागपुर, तिगांव , मंझावली, ददसिया, रिवाजपुर, मवई और कौराली, इन सभी स्थानों पर शस्त्र पूजन कर पथ संचलन किया गया।
इस अवसर पर बल्लभगढ़ से विधायक मूलचंद शर्मा जी, अनेक माता बहिनों सहित समाज के अनेकों गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।






