
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / सूरजकुंड रोड स्थित श्री सिद्धदाता आश्रम में आज नामदान दीक्षा समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 350 लोगों ने गुरु महाराज से दीक्षा प्राप्त की। पंच विधि से गुजरने के बाद इन 350 लोगों ने गुरु के समक्ष भगवान के शरणागत होकर मानवीय जीवन जीने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जगदगुरु रामानुजाचार्य स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य महाराज ने दीक्षार्थियों को बताया कि आज का दिन आप सभी के जीवन का शुभ दिन है, आज आपको नया जीवन मिलने जा रहा है क्योंकि जीवन को संभालने वाला भगवान का नाम आपको मिलने वाला है। उन्होंने बताया कि हम कौन हैं, हमारा जन्म क्यों हुआ है और हमारे करने योग्य कर्म क्या है। यह बताने वाले गुरु ही हैं। इसलिए उन्हें भगवान से भी आगे माना जाता है।गुरु हमारे उद्धार के लिए दीक्षा और मंत्र देते हैं। बिना दीक्षा लिए मनुष्य का जीवन अधूरा है क्योंकि दीक्षा मनुष्य मात्र को परमात्मा से जोड़ती है। उन्होंने बताया कि श्री रामानुज भगवान के मत अनुसार जो भगवान के शंख चक्र बाजू पर धारण कर लेता है और गुरु से नाम प्राप्त कर लेता है, उसकी मुक्ति में कहीं कोई संशय शेष नहीं रह जाता है।
उन्होंने सभी से सादगी पूर्ण जीवन जीने और मानव मात्र की सेवा करने का संकल्प लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि आप अपने जीवन में दान, सेवा और सिमरन को धारण करें जिससे आपका जीवन निर्मल होगा।





