
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / सेक्टर- 3 स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में श्रीराम कथा करते हुए व्यास पीठ से कृष्ण प्रताप तिवारी ने कहा कि श्री रामचंद्र का चरित्र पातकहारी है। राम केवल नाम नहीं है वह शक्ति है, प्रेम है, करुणा है, आनंद है।
उन्होंने कहा कि श्रीराम ने ऐसा जीवन जीकर दिखाया जो मानव के लिए सर्वश्रेष्ठ है। इसीलिए उन्हें मर्यादा पुरुषोत्तम कहा गया। तिवारी ने कहा राम कथा को केवल सुनना ही नहीं है उसे जीवन में भी उतारना है। उन्होंने कहा कि श्रीराम कथा में भगवान के साथ-साथ उनके परिजनों और सेवकों के चरित्र भी ध्यान से सुनने चाहिए क्योंकि वह चरित्र भी हमें जीवन की सीख देते हैं।
कथावाचक ने कहा कि हमें छोटे प्रलोभनों में नहीं फंसना चाहिए और जीवन के उद्देश्य को पूर्ण करने के लिए निरंतर सच्चे कर्म करने चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें मानव का शरीर मुक्ति प्राप्त करने के लिएमिला है। इसलिए इसका हमेशा सदुपयोग करें और इसका सबसे अच्छा सदुपयोग यही है कि आप सत्संग में बैठे हैं।
इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री के पूर्व राजनीतिक सलाहकार अजय गौड़ भी पहुंचे। उन्होंने कथा का श्रवण किया और सभी से श्री रामचंद्र को जीवन में धारण करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि श्रीराम को एक शरीर नहीं मानना चाहिए, वह हमारे जीवन का अंग हैं।
इस अवसर पर कथा के मुख्य यजमान एवं मंदिर के प्रधान कैलाश शर्मा, मधुसूदन माटोलिया, राकेश महेश्वरी, राजेश शर्मा, कैलाश जोशी, श्रवण सिंह, उद्यमी प्रेम पसरीजा, परफेक्ट ब्रेड के सीएमडी एचके बत्रा, राजस्थान एसोसिएशन के प्रधान मनोज अग्रवाल आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।






