
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / नई दिल्लीः—- राजधानी दिल्ली में 23, नवंबर- 2025 को आयोजित होने वाली “भारत का भविष्य – शाहोथाॅन 2025” हाफ मैराथन की तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से शुरू होने वाले इस राष्ट्रीय आयोजन में लगभग 5,000 प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है, जिससे यह दिल्ली के प्रमुख सामाजिक एवं खेल आयोजनों में शामिल हो रहा है।
यह हाफ मैराथन फिटनेस, राष्ट्रीय एकता और संवैधानिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। आयोजन को माननीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी के राष्ट्रहित में किए गए ऐतिहासिक निर्णयों—विशेषकर अनुच्छेद 370 को हटाने और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े अभियानों, जिनमें ऑपरेशन सिंदूर विशेष रूप से उल्लेखनीय है—को समर्पित किया गया है।
कार्यक्रम के संयोजक श्री मनीष चौहान (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद शामली) ने बताया कि शाहोथाॅन 2025 युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय आयोजन है, जो फिटनेस और राष्ट्रभावना दोनों को नई ऊर्जा देगा।
वहीं, वॉइस ऑफ कॉन्स्टिट्यूशन के अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि यह हाफ मैराथन संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और नागरिकों को राष्ट्रनिर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में युवा, महिलाएँ और नागरिक इस दौड़ का हिस्सा बनकर संविधान दिवस के संदेश—कर्तव्य, एकता और जागरूकता—को आगे बढ़ाएँगे।
आयोजन समिति का मानना है कि शाहोथाॅन 2025 दिल्ली में एक प्रभावशाली सामाजिक व राष्ट्रीय पहल साबित होगी और हजारों नागरिक इसमें भाग लेकर राष्ट्रनिर्माण के संकल्प को मज़बूती देंगे।






