
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / भारतीय जनता पार्टी फरीदाबाद जिला के प्रभारी नरेन्द्र वत्स, भाजपा जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल तथा संपूर्ण भाजपा संगठन ने एक बार फिर अश्वनी गुलाटी पर विश्वास जताते हुए उन्हें तीसरी बार भाजपा चुनाव आयोग संपर्क विभाग फरीदाबाद का जिला संयोजक नियुक्तकिया है।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल ने कहा कि अश्वनी गुलाटी को चुनावी प्रक्रियाओं और संगठनात्मक कार्यों का लंबे समय से व्यापक अनुभव है। उनके अनुभव, कार्यकुशलता और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए पार्टी ने दोबारा यह जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने गुलाटी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे इस महत्वपूर्ण दायित्व को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभाएंगे।
नियुक्ति के पश्चात अश्वनी गुलाटी भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल को मुंह मीठा कराकर आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर गुलाटी ने कहा कि संगठन द्वारा उन पर जताया गया विश्वास उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है।
अश्वनी गुलाटी ने शीर्ष नेतृत्व, जिला नेतृत्व एवं संपूर्ण संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह दायित्व उनके लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि संगठन की अपेक्षाओं और विश्वास से जुड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पूर्व में चुनावी प्रक्रिया के दौरान संगठन द्वारा सौंपे गए प्रत्येक कार्य को उन्होंने पूरी निष्ठाए ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाया है और आगे भी संगठन द्वारा दिए गए हर दायित्व को पूरी दृढ़ता और अनुशासन के साथ निभाते रहेंगे।
अंत में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की नीतियों, सिद्धांतों और संगठन की मजबूती के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।






