
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / प्रापर्टी डीलर राजकुमार चौधरी द्वारा पार्टनरों की यातनाओं से तंग आकर की गई आत्महत्या मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से गुस्साए मृतक के परिजनों ने रविवार को सेक्टर-58 पुलिस थाने के समक्ष धरना शुरु कर दिया।
धरने पर पहुंचे पूर्व पार्षद एवं कांग्रेसी नेता जगन डागर ने प्रशासन व सरकार की कार्यशैली पर सवालिया निशान लगाते हुए कहा कि इस सरकार में आम गरीब की कोई सुनवाई नहीं है, जबकि ठगों का बोलबाला है, जो लोगों के खून-पसीने की कमाई को हड़पने में लगे हुए है। श्री डागर ने कहा कि एक सज्जन आदमी को संजय शर्मा नामक ठग ने न केवल लूट लिया बल्कि इतना विवश कर दिया कि वह आत्महत्या जैसा कदम उठाने को मजबूर हो गया और हैरानी की बात तो यह है कि गनमैन होने के बावजूद वह एकाएक गायब हो गया, पता नहीं उसे जमीन निगल गई या आसमान।
उन्होंने कहा कि इस सरकार में जब आईपीएस अधिकारी व एएसआई जैसे लोग आत्महत्या करने को मजबूर हो रहे है तो इससे सहज अंदाजा लगाया जा सकता है कि सरकार पर अफसरशाही किस कद्र हावी है। उन्होंने कहा कि संजय शर्मा ने न केवल मृतक राजकुमार चौधरी का रुपया हड़पा बल्कि अनेकों लोगों की भी खून पसीने की कमाई डकारी है, लेकिन प्रशासन कार्रवाई करने की बजाए पंगु बना हुआ है। जगन डागर ने कहा कि राजकुमार चौधरी को न्याय दिलाने के लिए वह पूरी तरह से उनके साथ है और कांग्रेस पार्टी हर स्तर पर उनके लिए आवाज उठाएगी।
मृतक राजकुमार चौधरी के बेटे आदित्य चौधरी ने बताया कि जब तक सुसाइट नोट में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती, तब तक वह अपने पिता के शव का न पोस्टमार्टम करवाएंगे और न ही दाह संस्कार करेंगे। एसीपी महोदय धरना स्थल पर पहुुंचे और धरने पर बैठे लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने और अपनी मांग पर अड़े रहे।






