
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / बैठक में महापौर के पहुंचने पर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा सहित अन्य वरिष्ठ निगम अधिकारियों द्वारा पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। निगम सदन की बैठक में पहुंचे सभी सम्मानित पार्षदगण का निगम सचिव डॉ विजयपाल यादव ने स्वागत किया।
निगम फरीदाबाद 46 वार्डों का है इसके साथ ही तीन सरकार द्वारा नॉमिनेट पार्षद गण के साथ मिलकर शहर का विकास किया जाएगा। बैठक में महापौर श्रीमती प्रवीण बत्रा जोशी ने पार्षद को अपने अपने वार्ड की समस्याओं को रखने के लिए अनुमति देते हुए बैठक की शुरुआत की। सभी पार्षदों ने अपने अपने वार्ड की समस्याओं का जिक्र किया और फरीदाबाद के विकास पर चर्चा की।
पार्षदों ने सीनियर डिप्टी मेयर, डिप्टी मेयर और फाइनेंस कमेटी के गठन को लेकर सदन में जमकर हंगामा किया। हालात ऐसे बने कि बैठक के दौरान लगातार शोर-शराबा , आरोप-प्रत्यारोप और पार्षदों के आपसी भिड़ने की तस्वीरें सामने आई। हैरानी की बात यह रही कि जहां मीडिया को सदन से बाहर कर दिया गया, वहीं कुछ पार्षद – पति और परिजन अंदर बैठे नजर आए।
बैठक के एजेंडे में 46 वार्डों से जुड़े 101 प्रस्ताव शामिल थे, लेकिन असल मुद्दा एजेंडा नहीं बल्कि सत्ता के भीतर चल रही गुटबाजी रहा। सूत्रों के मुताबिक दो दिन पहले तक एजेंडे में फाइनेंस कमेटी के गठन का प्रस्ताव शामिल था, लेकिन अंतिम समय में उसे हटा दिया गया। इसी को लेकर कुछ पार्षदों का गुस्सा फूट पड़ा। निगम चुनाव को करीब 10 महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के नामों पर सहमति नहीं बना पाई है। इससे पहले 11 अगस्त को प्रस्तावित सदन बैठक भी इसी वजह से रद्द करनी पड़ी थी। सोमवार की बैठक में भी पार्षदों ने साफ कहा कि पहले सीनियर डिप्टी मेयर, डिप्टी मेयर और फाइनेंस कमेटी का चुनाव कराया जाए, उसके बाद ही सदन की कार्यवाही होनी चाहिए।
मेयर प्रवीण बत्रा ने कहा कि निगम सदन की बैठक एक नियमित प्रक्रिया है और सभी वार्डो से आए प्रस्तावों पर चर्चा कर समाधान निकालना ही उद्देश्य है। चल रहे विकास कार्यों की प्रगति पर अधिकारियों से जवाब लिया जाएगा। बैठक में एफएमडीए अधिकारियों को विशेष रूप से बुलाया गया था ताकि निगम और एफएमडीए के बीच अटके विकास कार्यों पर समाधान निकाला जा सके, लेकिन हंगामे के कारण इस उद्देश्य पर भी पानी फिर गया।
महापौर श्रीमती प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा कि वार्ड स्तर पर नागरिक सहभागिता को सशक्त बनाने, स्थानीय समस्याओं की पहचान, विकास आवश्यकताओं के सुझाव, सरकारी योजनाओं की निगरानी तथा नागरिक शिकायतों के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इसके अलावा महापौर ने सभी पार्षदगण को आश्वासन दिया कि विभिन्न वार्डों में पानी आपूर्ति, सीवर, सड़क, नालों की सफाई, स्ट्रीट लाइट, पार्क, सामुदायिक भवन और सौंदर्यीकरण से जुड़े प्रस्तावों पर अधिकारियों द्वारा तेज गति के साथ कार्य करवाया जाएगा।
बैठक में पहुंचे सभी सम्मानित पार्षद गणों का महापौर श्रीमती प्रवीण बत्रा जोशी ने धन्यवाद किया और उन्हें विश्वास दिलाया कि वे फरीदाबाद के विकास के लिए हमेशा सभी को साथ लेकर कार्य करेंगी। महापौर श्रीमती प्रवीण बत्रा जोशी द्वारा दिए गए सम्मान पर सभी पार्षदगण में भी उनका धन्यवाद जताया। इस मौके पर एडिशनल कमिश्नर सलोनी शर्मा, एडिशनल कमिश्नर गौरव अंतिल,जॉइंट कमिश्नर जितेंद्र जोशी,जॉइंट कमिश्नर एसवीर सिंह,जॉइंट कमिश्नर करण सिंह सहित अन्य निगम अधिकारी मौजूद रहे।






