
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
डी.ए.वी. शताब्दी महाविद्यालय के बी.बी.ए. विभाग द्वारा महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों के लिए नौ अक्टूबर से सत्ताईस अक्टूबर तक दस दिवसीय मूल्य वर्धित पाठ्यक्रम “द सीक्रेट ऑफ़ रिच पीपल/धनवान लोगों का रहस्य” के समापन समारोह का आयोजन किया गया। इस पाठ्यक्रम में विभिन्न विभागों के लगभग साठ विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस पाठ्यक्रम के बाह्य वक्ता, शेयर बाज़ार विशेषज्ञ- श्री दक्ष सिंह बेदी, (अल्फा ट्रेडिंग मंत्रा) रहे। महाविद्यालय के बी.बी.ए.-कैम तृतीय वर्ष के छात्र सुमित तंवर व बीवोक.- रिटेल मैनेजमेंट के तृतीय वर्ष के छात्र अमरजीत ने भी इस पाठ्यक्रम में मुख्य वक्ता की भूमिका निभाई। इस मूल्य वर्धित पाठ्यक्रम में स्टॉक मार्केट, रियल एस्टेट, ट्रेडिंग और रणनीतियां, ड्रॉपशिपिंग, म्यूच्यूअल फंड्स, एफिलिएटिड मार्केटिंग, कर और निवेश रणनीतियां आदि विषयों पर व्याख्यान, कार्यशाला, प्रश्नोत्तरी, विषय-विशेष परिचर्चा आदि कार्यक्रम आयोजित किये गए। इस पाठ्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के वित्तीय ज्ञान को बढ़ाना व उनका सर्वांगीण विकास करना रहा।
स्टॉक मार्केट के ज्ञान से विद्यार्थियों को शेयर बाजार के मुख्य सिद्धांतों और वित्तीय विपणन के बारे में जानकारी मिली जिससे वे निवेश के क्षेत्र में महत्वपूर्ण निर्णय लेने में सक्षम होंगे। रियल एस्टेट की समझ से छात्रों को अधिकारिकता, आपूर्ति और मांग, निवेश के मूल सिद्धांत और वास्तुकला के बारे में शिक्षा मिली जिससे वे अच्छी तरह से रियल एस्टेट में निवेश कर सकेंगे। विद्यार्थियों को ट्रेडिंग की विभिन्न रणनीतियों का ज्ञान दिया गया जो उन्हें वित्तीय बाजार में सफलता पाने में मदद करेगा। विद्यार्थियों को ड्रॉपशिपिंग के व्यापारिक आयामों के बारे में शिक्षा दी गई जो उन्हें ऑनलाइन व्यापार में सफल होने में मदद करेगी। छात्रों को म्यूच्यूअल फंड्स के उपयोग की जानकारी दी गई जो सुरक्षित निवेश के रूप में फायदेमंद हो सकता है।
इस समारोह में महाविद्यालय की कार्यवाहक प्राचार्या डॉ. सविता भगत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह के पाठ्यक्रम शिक्षा का अभिन्न अंग हैं। इस प्रकार के पाठ्यक्रम से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ता है। यह कोर्स छात्रों को वित्तीय स्वाधीनता प्राप्त करने और निवेश रणनीतियों को समझने का अद्वितीय अवसर प्रदान करेगा। इससे विद्यार्थियों को बहुत लाभ होगा और विद्यार्थी अपने वित्तीय लक्ष्यों को प्राप्त करने में सक्षम होंगे। जब सभी के प्रयास छात्रों की बेहतरी के लिए केंद्रित होते हैं, तो यह विद्यार्थियों, संकाय और संस्थान के लिए जीत की स्थिति होती है। उन्होनेंविद्यार्थियो को ऊँचे सपने देखने व उन सपनों को साकार करने के लिए योजनाएं बनाने व उन योजनाओं को निष्पादित करने के लिए प्रेरित किया।
इस समापन समारोह में विद्यार्थियों को निर्धारित पाठ्यक्रमों की सीमाओं से परे जाकर अध्ययन करने और सीखने के लाभों के बारे में एक अनौपचारिक बातचीत के साथ प्रमाण पत्र वितरित किए गए। पाठ्यक्रम के दौरान आयोजित प्रश्नोत्तरी के विजित विद्यार्थी शिवम व सिमरन- (बी.बी.ए.-कैम. तृतीय वर्ष), चंचल (बी.बी.ए.-कैम. प्रथम वर्ष), दीक्षा (बी.बी.ए.- प्रथम वर्ष-C) को पुरूस्कार दिए गए। विद्यार्थियों के लिए बेहद सराहनीय प्रयास के समन्वय का श्रेय डॉ सुरभि (डीन) व डॉ अंकिता मोहिंद्रा (विभागाध्यक्षिका)- बी.बी.ए. को जाता है। यह पाठ्यक्रम श्रीमती रीता डागर के संयोजन में सम्पन्न हुआ।







