
फरीदाबाद,जनतंत टुडे/ डीएवी शताब्दी महाविद्यालय के एनसीसी सेल द्वारा कॉलेज परिसर में सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में छात्रों और संकाय सदस्यों की जागरूकता एवं तत्परता को सुदृढ़ करना था।
इस अभ्यास में एनसीसी कैडेट्स, छात्र-छात्राओं और अध्यापकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कैडेट विष्णु ने युद्ध जैसी परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले महत्वपूर्ण सुरक्षात्मक उपायों जैसे खाद्य आपूर्ति बनाए रखना, बंकर निर्माण आदि पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में कार्यकारी प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार ने छात्रों और कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि चाहे प्राकृतिक आपदा हो या मानव निर्मित संकट, ऐसे समय में युवाओं को नेतृत्वकारी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने सभी को संकट की घड़ी में धैर्य, साहस और सेवा भाव अपनाने का संदेश दिया।
वाईआरसी काउंसलर श्री दिनेश एवं अंग्रेजी विभाग के सहायक आचार्य श्री विवेक सभरवाल ने कैडेट्स को घायल व्यक्तियों को सुरक्षित रूप से चिकित्सा सुविधा तक पहुंचाने की विधि का जीवंत प्रदर्शन किया।
इस आयोजन के संचालन में एनसीसी सीटीओ डॉ. रश्मि और श्री नेत्रपाल सैन की विशेष भूमिका रही।






