
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे/ एनआईटी-3 स्थित डीएवी शताब्दी महाविद्यालय में 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण संदेश, एनसीसी कैडेट्स सम्मान कार्यक्रम एवं ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार ने शिक्षक व गैर-शिक्षक कर्मचारियों के साथ मिलकर ध्वजारोहण किया । एनसीसी की मिक्स प्लाटून ने वरिष्ठ कैडेट सुहैल के नेतृत्व में और एनसीसी सीटीओ डॉ. रश्मि एवं नेत्रपाल सैन के मार्गदर्शन में राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए प्रभावशाली परेड प्रस्तुत की।
अपने संबोधन में प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार ने राष्ट्रध्वज में शामिल तीन रंगों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारी आज़ादी के लिए अनेक भारतवासियों ने गर्व अनुभव करते हुए अपने प्राण न्यौछावर किए, और यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम उन्हें सदैव याद रखें। उनकी स्मृति में ‘एक पेड़ – देश के नाम’ कार्यक्रम के तहत पेड़ लगाना और उसकी देखभाल करना देश सेवा का एक महत्वपूर्ण तरीका है।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिष्ठित ‘सी’ प्रमाणपत्र प्राप्त करने वाले कैडेट ऋषिता तिवारी, काजल झा, खुशी अधाना और आरती को प्राचार्य महोदय एवं उनके शिक्षण विभाग सदस्यों ने सम्मानित किया। इसके साथ ही ‘बी’ प्रमाणपत्र प्राप्त करने वाले अन्य कैडेटों को भी सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के गैर-शिक्षक कर्मचारी श्री सुदेश पाल, जो इस माह के अंत में सेवानिवृत्त हो रहे हैं, को उनकी सेवाओं और महाविद्यालय को दिए गए योगदान के लिए धन्यवाद एवं सम्मान अर्पित किया गया।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत कैडेट्स एवं स्टाफ सदस्यों को राष्ट्रीय ध्वज वितरित किए गए, जिससे राष्ट्र के प्रति गर्व और एकता की भावना को बढ़ावा मिला। इसके उपरांत सभी ने राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति अपनी कृतज्ञता और कर्तव्यनिष्ठा को व्यक्त किया।
‘एक पेड़ – देश के नाम’ अभियान के अंतर्गत प्रत्येक छात्र और शिक्षक को एक पौधा महाविद्यालय की ओर से भेंट किया गया, जिसे वे अपने घर या आसपास लगाकर पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएंगे। इस पहल का उद्देश्य न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरा-भरा वातावरण तैयार करना भी है। इस अवसर पर कॉलेज परिसर में भी कई पौधे लगाए गए, जिससे वातावरण में हरियाली और ताजगी का संचार हुआ।
स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में महाविद्यालय के संकाय सदस्य, कर्मचारी एवं एनसीसी कैडेट्स ने सक्रिय और जिम्मेदारीपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित की।






