
जे.सी. बोस विश्वविद्यालय
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद ने विभिन्न बीटेक और बीटेक (लीट) पाठ्यक्रमों में रिक्त सीटों पर दाखिले के लिए पात्र अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं तथा विश्वविद्यालय स्तर पर होने वाली फिजिकल काउंसलिंग का कार्यक्रम जारी किया है। पहली और दूसरी काउंसलिंग में शामिल हो चुके अभ्यर्थियों को इन सीटों पर दाखिले के लिए दोबारा आवेदन करना होगा।
विश्वविद्यालय की अधिसूचना के अनुसार, बीटेक प्रथम वर्ष पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए 26 अगस्त से 3 सितंबर, 2023 के बीच और बीटेक (एलईईटी) श्रेणी के अंतर्गत द्वितीय वर्ष में दाखिले के लिए 5 से 7 सितंबर, 2023 के बीच रिक्त सीटों के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। बीटेक पाठ्यक्रम में दाखिले के लिए विश्वविद्यालय में तीसरी फिजिकल काउंसलिंग 7 से 9 सितंबर, 2023 तक और बीटेक (लीट) के लिए 11 सितंबर, 2023 को आयोजित की जाएगी। इसी तरह बीटेक पाठ्यक्रम के लिए चौथी फिजिकल काउंसलिंग 12 व 13 सितंबर, 2023 को और बीटेक (लीट) के लिए 13 सितंबर, 2023 को आयोजित की जाएगी।
यदि चौथी काउंसलिंग के बाद बीटेक और बीटेक (लीट) पाठ्यक्रमों में सीटें खाली रह जाती हैं, तो पांचवीं तथा अंतिम फिजिकल काउंसलिंग 15 सितंबर, 2023 को आयोजित की जा सकती है, जो ऑन-द-स्पॉट एडमिशन काउंसलिंग होगी और इसके लिए अभ्यार्थियों को अलग से आवेदन करना होगा।
सीटों की रिक्त स्थिति, काउंसलिंग का विस्तृत कार्यक्रम एवं दिशानिर्देश विश्वविद्यालय वेबसाइट www.jcboseust.ac.in पर देखा जा सकता है। बीटेक पाठ्यक्रमों में दाखिला जेईई (मेन) 2023 सीआरएल रैंक, डिप्लोमा मेरिट, एचएसटीईएस या एचजीएसटी की इंटर-से-मेरिट एवं कश्मीरी प्रवासी, जैसा भी मामला हो, के आधार पर किया जाएगा। विद्यार्थियों को सलाह दी जाती है कि वे प्रामाणिक जानकारी के लिए केवल विश्वविद्यालय की वेबसाइट देखें और दाखिले के संबंध में किसी भी अफवाह या फर्जी कॉल का जवाब न दें।





