
मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रमों की जिला फरीदाबाद में श्रृंखला
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
डीसी विक्रम सिंह ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के समापन श्रृंखला में मेरी माटी मेरा देश अभियान का जिला फरीदाबाद में भव्य रूप में शुभारंभ किया गया। इसी श्रृंखला जिला के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में डीसी विक्रम सिंह के मार्गदर्शन में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं जिसमें ग्राम सभा सहित पौधरोपण व पंच प्रण शपथ कार्यक्रम में जिलावासी भागीदार बन रहे हैं। मेरी माटी मेरा देश अभियान के मद्देनजर हर वर्ग की उल्लेखनीय भागीदारी हो रही है और मिट्टी को वंदन, वीरों को नमन थीम के साथ अभियान का गरिमामयी ढंग से आगाज किया जा रहा है। इसी क्रम में आज दिनांक 10 अगस्त वीरवार को गांव बीजोपुर, कैल गांव तथा सीकरी में प्रातः 10 बजे, तिगांव, अटाली, राजपुर कलां, गोठरा मोहताबाद, फतेहपुर बिल्लोच, हीरापुर तथा पावटा में प्रातः 11 बजे, गांव सिधोला में दोपहर 12 बजे तथा तिगांव अधाना पट्टी में दोपहर 3 बजे मेरी माटी मेरा देश अभियान के तहत कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह अभियान 9 अगस्त से 15 अगस्त तक चलाया जाएगा। अभियान के तहत नागरिकों ने जनभागीदारी के साथ 75 पौधे लगाए साथ ही मिट्टी को नमन-वीरों का वंदन की श्रृंखला में सरपंच एवं गांव के गणमान्य व्यक्तियों द्वारा सेवानिवृत सैनिकों को माला पहनाकर एवं गुलमोहर का पौधा देकर सम्मानित किया गया है। इस अभियान के तहत मिट्टी के साथ आमजन द्वारा सेल्फी ली जा रही है और राष्ट्रगान गाकर व पंच प्रण का संकल्प लिया जा रहा है।
काबिल ए गौर है कि आजादी अमृत महोत्सव के समापन पलों को यादगार बनाने के लिए देशभर में राष्ट्रव्यापी मेरी माटी-मेरा देश अभियान की शुरुआत के साथ यह अभियान 15 अगस्त तक देशभर में मिट्टी को नमन-वीरों को वंदन थीम के साथ समर्पित होकर चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य उन बहादुर स्वतंत्रता सेनानियों और वीरों का सम्मान करना है, जिन्होंने देश के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया। इसके तहत वीर सेनानियों की याद में देशभर में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही प्रत्येक ग्राम पंचायतों में वीर सेनानियों की याद में एक स्मारक का निर्माण होगा, जिसे शिलाफलकम नाम दिया गया है। इस पर उस क्षेत्र के सभी सेनानियों के नाम दर्ज किए जाएंगे। जिला के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में शिलाफलकम निर्माण कार्य शुरू हो गए हैं।
मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम का उद्देश्य जन जन तक राष्ट्र प्रेम का संदेश पहुँचाना: एडीसी
एडीसी ने कहा, पौधारोपण किए गए पौधों की देखभाल करने की जिम्मेदारी ग्रामीणों की
एडीसी आनंद शर्मा ने बताया कि मेरी माटी मेरा देश अभियान के तहत नागरिक yuva.gov.in/meri_maati_mera_desh वेबसाइट पर सेल्फी लेकर अपलोड भी कर सकते हैं। मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम का उद्देश्य जन जन तक राष्ट्र प्रेम का संदेश पहुंचाना है व बहादुर स्वतंत्रता सेनानियों व वीरों का सम्मान करना है जिन्होंने देश के लिए अपना जीवन न्योछावर कर दिया। इस अभियान के तहत हर गाँवों में 75 पेड़ लगाए जाएँगे। मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम के तहत पांच प्रण विकसित भारत का लक्ष्य, गुलामी के हर अंश से मुक्ति, अपनी विरासत पर गर्व, एकता और एकजुटता व नागरिकों में कर्तव्य की भावना पैदा करना है। इस मौके पर गांव के सेवानिवृत्त अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित किया जा रहा है ।
मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम मिट्टी को नमन वीरों को वंदन थीम के साथ समर्पित रहेगा: सीईओ जिला परिषद आशिमा सांगवान
सीईओ जिला परिषद आशिमा सांगवान ने कहा कि सरकार द्वारा जारी हिदायतों के अनुसार मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रमों के बेहतर क्रियान्वयन के लिए जब भी कोई सेवानिवृत्त अधिकारी व कर्मचारी किसी सरकारी कार्यालय व अन्य जगह पर कोई काम करवाने के लिए जाता है तो हमारा फर्ज बनता है कि उसका काम उसी समय हो जाए। ताकि उन्हें उस काम के लिए दोबारा ना कहना पड़े। अमृत वाटिका के तहत आज जो 75 पौधे लगाए गए हैं अब उनकी देखरेख करने की जिम्मेवारी ग्राम वासियों की है। इसके अलावा यहां जो भी सेवानिवृत्त कर्मचारी है वह भी एक-एक पौधे की पालन पोषण करने की जिम्मेदारी लें। भविष्य में जब कभी सेना की यह टीम इस गांव का निरीक्षण करें तो यह अमृत वाटिका हरे भरे पेड़ों से लहलती मिले। इस अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना है, जिसमें गांवों में शिलाफल्कम यानि शिलापट भी स्थापित किए जाएंगे, जिनका निर्माण कार्य जोरों से चल रहा है। शिलाफल्कम पर अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के नाम अंकित किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि नौ से 15 अगस्त तक मेरी माटी-मेरा देश अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत जिला में ग्रामीणों, सामाजिक संगठनों व जनप्रतिनिधियों की भागीदारी से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के दौरान स्कूलों में राष्टीयता की भावना को प्रबल करने लिए पांच प्रण लिए जाएंगे। इसी प्रकार से आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गांवों में 75-75 पौधे लगाकर एक वाटिका बनाई जाएगी। कार्यक्रमों के माध्यम से स्वतंत्र सेनानियों व शहीद परिवारों का सम्मान किया जाएगा। इस अभियान के तहत गौरवपट्टो की तरह ही शिलाफल्कम स्थापित किए जाएंगे, जिनका एक तरह का डिजाईन और साईज होगा। उन्होंने कहा कि डीसी के निर्देशानुसार गांवों में शिलाफल्कम स्थापित करने का काम पूरे जोरों से चल रहा है। वहीं दूसरी ओर गांवों में पौधारोपण अभियान भी बड़े स्तर पर किया जा रहा है।







