
फरीदाबाद, जनतंत्र टुडे: “हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत केंद्रीय विद्यालय संगठन की यह अनूठी पहल न केवल छात्र-छात्राओं में देशभक्ति की भावना का संचार करती है, बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पण, सम्मान और गर्व की भावना को भी प्रबल बनाती है। यह अभियान विद्यार्थियों को देश, संस्कृति और शौर्य के प्रति गर्व करने तथा स्वतंत्रता सेनानियों और सैनिकों के बलिदान को स्मरण करने के लिए प्रेरित करता है।
इसी संदर्भ में 12 अगस्त 2025 को हमारे विद्यालय में तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्या श्रीमती वाणी कुक्कल के मार्गदर्शन में हुआ। संचालन विद्यालय की कोऑर्डिनेटर श्रीमती वाणी गुप्ता द्वारा किया गया।
इस अवसर पर कक्षा 5, 6, 9 और 10 के छात्र-छात्राओं ने उत्साह और हर्षोल्लास के साथ भाग लिया। विद्यार्थियों ने तिरंगा धारण किया, तिरंगे की टोपी पहनी और गालों पर तिरंगे की सजावट की। साथ ही देशभक्ति के नारों के साथ रैली में सम्मिलित हुए।
रैली विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर केवी नं. 1 परिसर तक पहुँची। इस दौरान “वन्दे मातरम्”, “भारत माता की जय” जैसे जोशीले नारे गूंजते रहे और वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया।
रैली का समापन विद्यालय के मुख्य द्वार पर हुआ, जहाँ सभी प्रतिभागियों ने तिरंगा लहराकर राष्ट्रगान गाया और देश के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की।
यह आयोजन विद्यार्थियों में देशप्रेम, एकता और राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करने में अत्यंत सफल रहा।





