
Oplus_16908288
फरीदाबाद, जनतंत्र टुडे/ महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक की रेड क्रॉस यूनिट द्वारा स्वराज सदन में विश्वविद्यालय से सम्बद्ध सभी महाविद्यालयों की यूथ रेड क्रॉस (YRC) इकाइयों के काउंसलर्स एवं स्वयंसेवकों के लिए एक दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में डी ए वी शताब्दी महाविद्यालय, फरीदाबाद ने भी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई। कार्यक्रम का उद्देश्य YRC इकाइयों की भूमिका को सुदृढ़ करना तथा युवाओं में मानवता, सामुदायिक सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित करना था।
- कार्यक्रम के अंतर्गत आपदा प्रबंधन, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं स्वैच्छिक सेवा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न सत्र आयोजित किए गए। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण फर्स्ट एड एवं सीपीआर (Cardiopulmonary Resuscitation) प्रशिक्षण रहा, जिसमें प्रतिभागियों को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता एवं जीवनरक्षक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
इस अवसर पर डॉ. अमित शर्मा एवं सुश्री ओमिता जोहर (YRC काउंसलर्स) के साथ YRC स्वयंसेवक यतिन शर्मा एवं खुशबू रावत ने सहभागिता की। यह सहभागिता डॉ. नरेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। सभी प्रतिभागियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए महत्वपूर्ण ज्ञान एवं व्यावहारिक अनुभव अर्जित किया।
समापन अवसर पर यह ओरिएंटेशन कार्यक्रम अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ, जिसने प्रतिभागियों को मानव सेवा, सामाजिक कल्याण एवं आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में और अधिक समर्पण एवं सक्रियता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।






