
फरीदाबाद, जनतंत्र टुडे.
डी.ए.वी. शताब्दी महाविद्यालय में आयोजित सात दिवसीय एनएसएस विशेष शिविर के चौथे दिन एन.एस.एस स्वयंसेवकों ने नेशनल एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड (NAB) स्कूल का भ्रमण किया, जहाँ उन्होंने यह देखा कि दृष्टिबाधित विद्यार्थी किस प्रकार अपनी पढ़ाई करते हैं। इस दौरान स्वयंसेवकों ने पाया कि विद्यार्थियों की पुस्तकें और अध्ययन सामग्री सामान्य विद्यार्थियों से काफी अलग होती हैं। उनकी पढ़ाई का तरीका और दैनिक जीवन हमसे भिन्न होने के बावजूद वे सभी बच्चे बेहद खुश और सकारात्मक थे।
यह गतिविधि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। साथ ही एन.एस.एस प्रोग्राम ऑफिसर (बॉयज़ यूनिट) डॉ. जितेंद्र ढुल सर तथा प्रोग्राम ऑफिसर कविता शर्मा मैम के सहयोग और मार्गदर्शन से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।
बच्चों ने एन.एस.एस स्वयंसेवकों का बड़े उत्साह और खुशी के साथ स्वागत किया। स्वयंसेवकों ने उनके साथ समय बिताया, उनसे बातचीत की और उनके अनुभवों को समझने का प्रयास किया। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने बच्चों को भोजन भी वितरित किया।
यह भ्रमण एन.एस.एस स्वयंसेवकों के लिए एक प्रेरणादायक अनुभव रहा। स्वयंसेवकों ने बच्चों को प्रोत्साहित और प्रेरित किया कि वे जीवन में आगे बढ़ते रहें और अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहें।





