
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद श्री बृजेंद्र सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही ऐतिहासिक “सद्भाव यात्रा” गुरुवार को फरीदाबाद जिले की एनआईटी विधानसभा क्षेत्र में दूसरे दिन भी पूरे जोश, अनुशासन और जनसमर्थन के साथ जारी रही।
एनआईटी क्षेत्र में यात्रा का स्थानीय नागरिकों द्वारा भव्य अभिनंदन किया गया। 110वें दिन भी पूरे जोश के साथ आगे बढ़ी सद्भाव यात्रा-
अपने 110वें दिन सद्भाव यात्रा ने एनआईटी विधानसभा क्षेत्र में यह स्पष्ट संदेश दिया कि हरियाणा की जनता समाज को तोड़ने वाली नहीं, जोड़ने वाली राजनीति के साथ खड़ी है।
आज का यात्रा मार्ग और प्रमुख पड़ाव
गुरुवार को सद्भाव यात्रा की शुरुआत सारणा चौक, एनआईटी से हुई, जो— जवाहर कॉलोनी, सेक्टर-52 पुलिया, सोहना रोड गोच्छी, 33 फूटा रोड संजय कॉलोनी और 22 फूटा रोड बीएसपी स्कूल से होते हुए गोकुल वाटिका, एनआईटी पहुंची जहां पर सांस्कृतिक कार्यक्रम द्वारा सद्भाव यात्रा का स्वागत किया गया। इसके साथ ही यात्रा का तीसरा चरण सफलतापूर्वक पूरा हुआ।
सद्भाव यात्रा का चौथा चरण 27 जनवरी 2026 को यमुनानगर जिले से आरंभ होगा। प्रोग्राम के अंत में सभा का आयोजन किया फरीदाबाद में यात्रा के संयोजक वेद प्रकाश यादव व सह संयोजक मुकेश डागर द्वारा किया गया।
जनसभा को संबोधित करते हुए श्री बृजेंद्र सिंह ने कहा कि—
“आज तीसरे चरण की समाप्ति के साथ सद्भाव यात्रा लगभग आधे हरियाणा से होकर गुजर चुकी है। किसी भी यात्रा के लिए सिर्फ संकल्प नहीं, बल्कि एक स्पष्ट मकसद और मजबूत संदेश होना जरूरी होता है।” उन्होंने कहा कि भारत में दो यात्राएं ऐतिहासिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण रही हैं—
महात्मा गांधी की दांडी यात्रा और राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा।
भारत जोड़ो यात्रा में शुरुआत में केवल 119 नियमित यात्री थे, लेकिन रास्ते में लोग जुड़ते गए और कारवां बनता चला गया।
श्री बृजेंद्र सिंह ने कहा कि—
“सद्भाव यात्रा अपने प्रदेश में करीब तीन हजार किलोमीटर का सफर तय करेगी, जो अपने आप में एक ऐतिहासिक और अभूतपूर्व यात्रा है।”
उन्होंने कहा कि यात्रा के माध्यम से जनता के साथ जो जुड़ाव बना है, वही इस यात्रा की सबसे बड़ी उपलब्धि है, क्योंकि—
“जिस तरह का सीधा संवाद और अपनापन यात्रा के माध्यम से बनता है, वह किसी रैली या जनसभा से संभव नहीं होता।”
उन्होंने कहा कि सद्भाव यात्रा का मूल उद्देश्य समाज में बिखरते भाईचारे को फिर से एकजुट करना है।
उन्होंने आरोप लगाया कि— “बीजेपी की राजनीति पूरी तरह विघटनकारी नीतियों पर आधारित है। जहां धर्म के आधार पर समाज को बांटना संभव नहीं होता, वहां जाति और वर्गों के नाम पर विभाजन किया जाता है।” श्री बृजेंद्र सिंह ने कहा कि हरियाणा में जाति और वर्गों को बांटने का काम सुनियोजित तरीके से किया गया, जिससे सामाजिक भाईचारे को नुकसान पहुंचाया गया।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि—“इस विघटनकारी राजनीति का डटकर मुकाबला केवल कांग्रेस ही कर सकती है।” उन्होंने नोटबंदी, जीएसटी और विदेश नीति का जिक्र करते हुए कहा कि इन फैसलों से देश की अर्थव्यवस्था, छोटे कारोबारियों और रोजगार पर गहरा असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने समय रहते देश को आगाह किया था और आज उनकी कही बातें सच साबित हो रही हैं।
“बीजेपी देश में गोडसे को मानती है, लेकिन विदेशों में जाकर गांधी के देश की बात करती है। गांधी परिवार ने हमेशा देश के लिए कुर्बानियां दी हैं—चाहे वह जवाहरलाल नेहरू हों, इंदिरा गांधी हों या राजीव गांधी।”
श्री बृजेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा कभी समाज को बांटने की नहीं रही, जबकि आज देश को 80-20 जैसे नारों में बांटने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने अंत में कहा कि—“सद्भाव यात्रा का संदेश साफ है— ‘कांग्रेस का हाथ, भाईचारे के साथ।’”
इस अवसर पर बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता, सामाजिक प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से—
पूर्व कैबिनेट मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह, श्री चांद सिंह, महिला कांग्रेस पलवल जिला अध्यक्ष सवीता कुंडा, वेद प्रकाश यादव, मुकेश डागर, सूरज मान, कालु पहलवान, पूनम गुलिया, उसमान सहित अनेक गणमान्य नागरिक शामिल रहे।






