
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / उपभोक्ता अधिकार दिवस के उपलक्ष्य में “डिजिटल युग में उपभोक्ता अधिकार” विषय पर एक ऑनलाइन कार्यशाला का
आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम माननीय अध्यक्ष श्री देवेंद्र कुमार गुप्ता, माननीय
महासचिव श्री दिनेश कुमार गुप्ता एवं कार्यकारी प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन
में संपन्न हुआ। इस कार्यशाला का आयोजन उपभोक्ता जागरूकता क्लब द्वारा डॉ. डिंपल, सहायक प्राध्यापक
(वाणिज्य) के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक
भाग लिया और इस कार्यशाला से महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. ज्योत्सना चावला, सहायक प्राध्यापक, प्रबंधन विभाग, जे. सी.
बोस यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी,फरीदाबाद रहीं। उन्होंने सत्र की शुरुआत
विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उपभोक्ता और ग्राहक के अंतर पर प्रश्न पूछकर की। इसके
पश्चात उन्होंने डिजिटल युग में उपभोक्ता अधिकारों के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से
प्रकाश डाला, विशेष रूप से ऑनलाइन खरीदारी, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म और डिजिटल भुगतान
प्रणालियों के संदर्भ में।
डॉ. चावला ने उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम पर भी विस्तार से चर्चा की तथा उपभोक्ताओं के
अधिकारों, कर्तव्यों, शिकायत निवारण तंत्र के साथ-साथ अपराधों एवं दंड प्रावधानों की
जानकारी दी। उन्होंने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए डिजिटल
माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने के लिए आवश्यक सावधानियों पर भी प्रकाश डाला।
उन्होंने “जागो ग्राहक जागो” अभियान के महत्व को समझाते हुए कई जीवंत उदाहरण प्रस्तुत
किए। अमेज़न और ब्लिंकिट जैसे प्लेटफॉर्म के उदाहरणों के माध्यम से उन्होंने मूल्य भेदभाव
(प्राइस डिस्क्रिमिनेशन) और डायनेमिक प्राइसिंग की अवधारणा को स्पष्ट किया। साथ ही
आरबीआई के दिशा-निर्देशों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को ओटीपी, पासवर्ड या बैंकिंग
संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सख्त सलाह दी।
कार्यशाला अत्यंत ज्ञानवर्धक, संवादात्मक और समयोचित रही। विद्यार्थियों ने इसे बहुत
उपयोगी बताया। कार्यक्रम का समापन मुख्य वक्ता एवं आयोजन समिति के प्रति धन्यवाद
ज्ञापन के साथ हुआ।कुल मिलाकर यह कार्यशाला विद्यार्थियों को जागरूक, सतर्क एवं जिम्मेदार डिजिटल उपभोक्ता बनाने की दिशा में एक सफल प्रयास सिद्ध हुई।






