
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / नई दिल्ली: —- ऑटोमोबाइल सेक्टर में युवाओं को कौशल देने वाली प्रमुख संस्था ऑटोमोटिव स्किल्स डेवलपमेंट काउंसिल (एएसडीसी) ने अपने लीडरशिप टीम में दो अहम नियुक्तियां की हैं। होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (HMSI) के कॉर्पोरेट अफेयर्स हेड प्रभु नागराज को नया वाइस प्रेसिडेंट, जबकि टाटा ग्रीन बैटरियों के पूर्व सीईओ और एएसडीसी गवर्निंग काउंसिल के सदस्य रमाशंकर पांडे को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
लगभग 35 साल के अनुभव वाले प्रभु नागराज ग्राहक सेवा, ब्रांड रणनीति, रोड सेफ्टी और पॉलिसी एडवोकेसी में लंबे समय से काम कर रहे हैं। वह सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्यूफैक्चरिंग के स्किलिंग ग्रुप के सह-अध्यक्ष भी हैं और भारी उद्योग मंत्रालय की कई अहम समितियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं। इलेक्ट्रिक और डिजिटल तकनीक के बढ़ते दौर में उनकी नियुक्ति से एएसडीसी को लाभ मिलेगा।
28 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले रमाशंकर पांडे ऑटोमोबाइल और ऑटो-कंपोनेंट उद्योग में एक बड़ा नाम हैं। वह तकनीशियनों के सशक्तिकरण, सड़क सुरक्षा और ग्राहक अधिकारों के पक्ष में लगातार सक्रिय रहे हैं। उनका अनुभव एएसडीसी के वित्तीय और रणनीतिक ढांचे को और मजबूत करेगा।
ASDC के चेयरपर्सन विंकेंश गुलाटी ने दोनों का स्वागत करते हुए कहा कि इनकी विशेषज्ञता—निर्माण, सड़क सुरक्षा, स्किलिंग और उद्योग नीति—देश में भविष्य की ऑटोमोबाइल वर्कफोर्स तैयार करने में बड़ी भूमिका निभाएगी।
अपनी नियुक्ति पर प्रभु नागराज ने कहा कि मोबिलिटी सेक्टर तेजी से बदल रहा है। ऐसे समय में स्किलिंग सबसे अहम है, और मैं इस दिशा में मिलकर काम करने को उत्साहित हूं।
वहीं ASDC की पहली गवर्निंग काउंसिल बैठक में स्वागत किए गए श्री रमाशंकर पांडे ने कहा कि एक राष्ट्र के रूप में हमें स्किल्स को आकांक्षी बनाना होगा। हमें डिग्री और डेज़िग्नेशन के मोह से बाहर निकलकर कौशल को महत्व देना चाहिए। एएसडीसी में उनकी नई भूमिका इसी पर फोकस होगा।




